भारत की बेटी मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक 2024 में इतिहास रच दिया है. उन्होंने भारत के लिए पेरिस ओलिंपिक में पहला पदक जीता और इस उपलब्धि के साथ वे ओलंपिक मंच पर पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला निशानेबाज बन गईं. मनु भाकर ने 221.7 अंकों के साथ कांस्य पदक जीता. यह उपलब्धि उनकी मेहनत, संघर्ष और अटूट समर्पण का परिणाम है.
मनु भाकर का जन्म 18 फरवरी 2002 को हरियाणा के झज्जर जिले के गोरिया गांव में हुआ था. उनके पिता, रामकिशन भाकर, एक मैकेनिकल इंजीनियर हैं और उनकी मां, सुमेधा भाकर, स्कूल प्रिंसिपल हैं. मनु का बचपन ग्रामीण परिवेश में बीता, जहां से उन्होंने अपनी जीवन की पहली सीखें लीं. बचपन से ही मनु में खेल के प्रति गहरी रुचि थी. वे कुश्ती, मुक्केबाजी, टेबल टेनिस और स्केटिंग जैसे खेलों में भी रुचि रखती थीं, लेकिन निशानेबाजी ने उन्हें सबसे अधिक अपनी तरफ खींच लिया. शूटिंग के अलावा मनु कई खेलों में नेशनल मेडल्स भी जीत चुकी हैं. लेकिन अप्रैल 2016 में मनु पहली बार शूटिंग रेंज पहुंचीं. सोचा कि शूटिंग में भी हाथ आजमा ही लेते हैं. हाथ आजमाया और ऐसा आजमाया कि 15 दिन बाद ही हरियाणा ओपन टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीत लिया.

मनु ने 14 साल की उम्र में निशानेबाजी की शुरुआत की. शुरुआती दिनों में उन्हें कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन उनके पिता ने हमेशा उनका समर्थन किया. वे उनके साथ हर प्रतियोगिता में जाते और उनका मनोबल बढ़ाते. मनु ने जल्दी ही अपनी मेहनत और लगन से अलग अलग राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में सफलता हासिल करनी शुरू कर दी.
मनु भाकर ने 2017 में अपना इंटरनेशनल करियर की शुरुआत की, और उसी साल मैक्सिको में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप में स्वर्ण पदक जीता. इसके बाद उन्होंने 2018 में गोल्ड कोस्ट में आयोजित कॉमनवैल्थ गेम्स में भी गोल्ड जीता. उनकी इस सफलता ने उन्हें एक नयी पहचान दिलाई और वे भारतीय निशानेबाजी की एक प्रमुख चेहरा बन गईं.

लगातार निशानेबाजी में अपने लक्ष्य पर निशाना लगा रही मनु से टोक्यो ओलंपिक 2020 में देशवासियों को बहुत उम्मीदें थीं. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. टोक्यो ओलिंपिक के दौरान उनके पिस्तौल में तकनीकी खराबी आ गई, जिससे उनका प्रदर्शन प्रभावित हुआ. इस घटना ने उनके मनोबल को थोड़ा हिला दिया था. हालांकि, उन्होंने इस असफलता को अपनी प्रेरणा बना लिया और अपने खेल को और अधिक सुधारने में जुट गईं.
टोक्यो ओलिंपिक की कड़वी यादों को भुलाकर पेरिस ओलंपिक 2024 में मनु भाकर ने अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत का परिचय देते हुए कांस्य पदक जीता. इस पदक ने उनके संघर्ष और अटूट समर्पण को एक नई पहचान दी. 221.7 अंकों के साथ उन्होंने तीसरा स्थान प्राप्त किया और भारत को गर्वित किया.
मनु भाकर की सफलता की कहानी बहुत से युवा निशानेबाजों के लिए प्रेरणा का स्रोत है. उन्होंने साबित कर दिया कि यदि आप मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते हैं, तो कोई भी मुश्किल आपको रोक नहीं सकती. उनके संघर्ष की कहानी से यह सीख मिलती है कि असफलताओं को अपने रास्ते की बाधा नहीं बनने देना चाहिए, बल्कि उन्हें अपनी प्रेरणा बनाकर आगे बढ़ना चाहिए.