भारतीय क्रिकेट इतिहास में कई ऐसे नाम हैं जिसकी वजह से भारतीय क्रिकेट का गौरव बहुत बढ़ा है लेकिन उन सभी नामों में से कपिल देव का नाम उन गिने-चुने महान खिलाड़ियों में शामिल है जिन्होंने न केवल भारतीय क्रिकेट को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया बल्कि वर्ल्ड क्रिकेट में भी अपना खास मुकाम हासिल किया है. 1983 का विश्व कप, जिसे भारतीय क्रिकेट का स्वर्णिम अध्याय कहा जाता है, यानी गोल्डन चैप्टर ऑफ इंडियन क्रिकेट कहा जाता है, कपिल देव के कप्तानी और उनकी बल्लेबाजी का अद्भुत उदाहरण है. विशेषकर उनकी 175 रनों की पारी, जो उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली थी, भारतीय क्रिकेट के इतिहास में ये पारी मील का पत्थर मानी जाती है.
दरअसल 1983 का वर्ल्ड कप इंग्लैंड में खेला जा रहा था. भारतीय टीम को इस टूर्नामेंट में कोई भी बड़ी उम्मीद नहीं थी. दुनिया तो दूर, भारत के लोग और भारतीय टीम के खिलाड़ियों तक को इस टूर्नामेंट में कुछ खास उम्मीदें नहीं थी. 1983 वर्ल्ड कप से पहले 1975 और 1979 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम ने वैसे भी सिर्फ निराश ही किया था और इस बार भी लोग भारतीय टीम से अधिक उम्मीद नहीं कर रहे थे. लेकिन कपिल देव के नेतृत्व में टीम ने कुछ कर दिखाने की ठान रखी थी. खैर 1983 वर्ल्ड कप भारतीय टीम ने जीता, इतिहास रचा लेकिन बात यहां भारत के वर्ल्ड कप जीत की नहीं करेंगे. बात यहां करेंगे कपिल देव की उस पारी की जिसके बाद ही भारतीय टीम समेत पुरे भारत को कुछ कुछ उम्मीदें होने लगी. ये वो पारी है जिसकी कल्पना भी शायद कपिल देव ने नहीं की होगी. ये हमारा दुर्भाग्य है कि इस पारी का कहीं कोई वीडियो भी मौजूद नहीं है. तो चलिए वीडियो में बात करते हैं कपिल देव के 175 रनों के उस नाबाद पारी की जिसने भारतीय क्रिकेट का पूरा सीन बदल कर रख दिया.

तारीख था 18 जून 1983, वर्ल्ड कप टूर्नामेंट का 20 वां मैच... भारतीय टीम को इस मैच को हर हाल में जीतना ही था अगर वो सेमीफइनल या फाइनल खेलने के बारे में विचार भी कर रहे हो तो. भारत का मुकाबला जिम्बाब्वे से था. मैच टर्नब्रिज वेल्स में खेला जा रहा था. उस दिन भारतीय टीम मुश्किल में थी. भारतीय बल्लेबाजी क्रम धराशायी हो चुका था और स्कोरबोर्ड पर सिर्फ 17 रन थे जबकि 5 विकेट गिर चुके थे. टीम संकट में थी और हार का खतरा साफ दिख रहा था. ऐसे समय में कपिल देव ने क्रीज पर कदम रखा. उन्होंने पहले, विकेट को संभाला और फिर धीरे-धीरे रन बनाने शुरू किए. कपिल देव की बल्लेबाजी का अद्भुत कौशल और आक्रामकता उस दिन देखने को मिली. उन्होंने न केवल एक-दो रन लेकर स्ट्राइक रोटेट की, बल्कि चौके और छक्के भी जमाए. कपिल देव ने 138 गेंदों में 175 रनों की पारी खेली जिसमें 16 चौके और 6 छक्के लगाए.
कपिल देव की इस पारी की खासियत ये भी रही कि उन्होंने निचले क्रम के बल्लेबाजों के साथ छोटी छोटी पार्टनरशिप की और ना सिर्फ ऐतिहासिक पारी खेली बल्कि टीम इंडिया को मुश्किल से बाहर निकल दिया. 17 रनों पर 5 विकेट गिरने के बाद कपिल क्रीज़ पर आये और छठे विकेट के लिए रॉजर बिन्नी के साथ मिलकर 60 रनों की पार्टनरशिप की. फिर क्रीज़ पर आये रवि शास्त्री सिर्फ एक रन ही जोड़ पाए और टीम इंडिया ने खोया अपना सातवां विकेट. 7 विकेट टीम इंडिया के अब 78 रनों पर गिर गए लगा भारतीय टीम अब वर्ल्ड कप से बाहर ही हो गयी. लेकिन फिर क्रीज़ पर आये मदन लाल. कपिल देव ने मदन लाल के साथ मिलकर 62 रनों की पार्टनरशिप कर टीम की स्तिथि को बहुत बेहतर कर दिया. 140 रनों पर टीम इंडिया ने अपना आठवां विकेट खोया. स्कोर अब भी बहुत कम नजर आ रहा था लेकिन फिर विकेटकीपर बल्लेबाज सईद किरमानी के साथ मिलकर कपिल ने इतिहास रच दिया. दोनों अंत तक डटे रहे. दोनों ने मिलकर 126 रन जोड़े. 17 रनों पर 5 विकेट से टीम इंडिया अब 266 रनों तक पहुंच गयी.

इस मैच का एक और दिलचस्प पहलू यह था कि इस मैच वाले दिन BCC स्ट्राइक पर थी और ये मैच रिकॉर्ड ही नहीं किया गया. इस कारण इस ऐतिहासिक पारी का प्रसारण नहीं हो सका. इसलिए अधिकतर भारतीय फैंस ने कपिल देव की इस पारी को लाइव नहीं देखा. हालांकि, यह पारी क्रिकेट के इतिहास में अपनी महत्वपूर्णता और उत्कृष्टता के कारण आज भी जीवंत है.
कपिल देव की इस पारी ने भारतीय टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. उनकी 175 रनों की पारी के बदौलत भारतीय टीम ने 60 ओवरों में 266 रन बनाए. इस स्कोर का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 235 रनों पर सिमट गई और भारत ने यह महत्वपूर्ण मैच 31 रनों से जीत लिया.
इस पारी का महत्व इसलिए भी है क्योंकि इसने भारतीय टीम को आत्मविश्वास दिया. इसके बाद भारतीय टीम ने एक के बाद एक शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में वेस्टइंडीज को हराकर विश्व कप जीता. कपिल देव की इस पारी ने भारतीय क्रिकेट को नई दिशा दी और खिलाड़ियों में यह विश्वास जगाया कि वे भी विश्व विजेता बन सकते हैं.

कपिल देव की यह पारी भारतीय क्रिकेट इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण पारियों में से एक मानी जाती है. यह पारी सिर्फ एक मैच की जीत नहीं थी, बल्कि इसने भारतीय क्रिकेट में एक नया विश्वास और उत्साह जगाया. कपिल देव ने न केवल अपनी कप्तानी में टीम को विश्व कप जिताया, बल्कि अपनी व्यक्तिगत प्रतिभा और संघर्षशीलता से युवा खिलाड़ियों के लिए एक प्रेरणा बने.
कपिल देव की इस पारी ने यह साबित कर दिया कि कठिन परिस्थितियों में भी हौसला और मेहनत से हर मुश्किल का सामना किया जा सकता है. उनकी यह पारी भारतीय क्रिकेट के इतिहास में हमेशा एक सोर्स ऑफ इंस्पिरेशन बनी रहेगी. कपिल देव का भारतीय क्रिकेट में योगदान अतुलनीय है और उनकी 175 रनों की पारी एक ऐसी धरोहर है जिसे हमेशा याद किया जाएगा.