America Israel Iran War: सऊदी अरब के अल-ख़र्ज शहर में रविवार को एक आवासीय इलाके में मिसाइल गिरने से दो लोगों की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, सऊदी सिविल डिफेंस ने बताया कि यह घटना अल-ख़र्ज गवर्नरेट में एक मेंटेनेंस और क्लीनिंग कंपनी के आवासीय कंपाउंड में हुई. सऊदी सिविल डिफेंस के आधिकारिक बयान में कहा गया है कि मारे गए दो व्यक्ति एक भारतीय और एक बांग्लादेशी, जबकि सभी 12 घायल बांग्लादेशी निवासी हैं.
सऊदी सिविल डिफेंस के जनरल डायरेक्टोरेट ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में जानकारी दी है कि सिविल डिफेंस के आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि अल-ख़र्ज गवर्नरेट में एक मेंटेनेंस और क्लीनिंग कंपनी के आवासीय स्थान पर एक सैन्य प्रोजेक्टाइल गिरने की घटना में सिविल डिफेंस ने तुरंत कार्रवाई की. इस घटना में भारतीय और बांग्लादेशी राष्ट्रीयता के दो व्यक्तियों की मौत हुई, 12 बांग्लादेशी निवासियों को चोटें आईं, साथ ही भौतिक क्षति भी हुई. अभी तक पीड़ितों की पहचान जारी नहीं की गई है.
भारतीयों के लिए एडवाइजरी जारी
मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के बीच, रियाद में भारतीय दूतावास ने भारतीय नागरिकों के लिए सलाह जारी की है कि वे सतर्क रहें और स्थानीय अधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा दिशानिर्देशों का पालन करें. दूतावास ने कहा कि सऊदी अरब साम्राज्य में वर्तमान में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, साम्राज्य में प्रचलित सुरक्षा दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने और स्थानीय अधिकारियों तथा दूतावास द्वारा जारी एडवाइजरी का अनुपालन करने की सलाह दी जाती है.
कहां-कहां से लौट सकते हैं भारत
दूतावास ने बताया कि रियाद में दूतावास और जेद्दा में भारतीय महावाणिज्य दूतावास सामान्य रूप से काम कर रहे हैं, साथ ही VFS के माध्यम से आउटसोर्स्ड सेवाएं भी जारी हैं. नियमित रूप से कांसुलर कैंप भी आयोजित किए जा रहे हैं. दूतावास ने आगे कहा कि कई एयरलाइंस रियाद, जेद्दा और दम्माम से भारत के विभिन्न शहरों के लिए उड़ानें संचालित कर रही हैं. भारतीय और सऊदी दोनों कैरियर्स ने जेद्दा और मदीना में सामान्य निर्धारित उड़ानें फिर से शुरू कर दी हैं.