Who is Nasir Best: वाशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के सुरक्षा चेकपॉइंट पर अचानक हुई गोलीबारी में हमलावर की पहचान 21 वर्षीय नासिर बेस्ट के रूप में हुई है. वह मैरीलैंड का निवासी था. सीक्रेट सर्विस एजेंट्स की जवाबी कार्रवाई में वह मौके पर ढेर हो गया. जांच से पता चला है कि नासिर बेस्ट सुरक्षा एजेंसियों के लिए पुराना चेहरा था. वह पहले भी व्हाइट हाउस के आसपास कई बार संदिग्ध गतिविधियों में पकड़ा जा चुका था.
खुद को मानता था ईसा मसीह
अमेरिकी मीडिया के अनुसार, नासिर गंभीर मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहा था. वह खुद को जीसस क्राइस्ट समझने लगा था. उसकी हरकतें तेजी से आक्रामक और अनियंत्रित होती जा रही थीं. सीक्रेट सर्विस की फाइलों में उसके कई पुराने मामले दर्ज थे.
घटना का पूरा ब्योरा
शनिवार शाम लगभग 6 बजे नासिर ने अपने बैग से हथियार निकालकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. वहां मौजूद पर्यटक और मीडिया कर्मी दहशत में आ गए. एक कनाडाई पर्यटक ने बताया कि शुरू में लग रहा था जैसे पटाखे फूट रहे हों, लेकिन जब लोग भागने लगे तो सच्चाई समझ आई. एबीसी न्यूज की पत्रकार सेलिना वांग उस समय लाइव रिपोर्टिंग कर रही थीं. गोलियों की आवाज सुनते ही सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें और अन्य लोगों को प्रेस रूम में छिपने को कहा. इस गोलीबारी में एक आम नागरिक भी घायल हो गया. जांच चल रही है कि गोली नासिर की थी या क्रॉसफायर में लगी.
ट्रंप की सुरक्षा पर सवाल
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप उस समय व्हाइट हाउस के अंदर थे और सुरक्षित रहे. इस घटना ने उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. इससे पहले भी ट्रंप पर कई बार हमले या साजिश की कोशिशें हो चुकी हैं, जैसे 2024 की पेंसिल्वेनिया रैली वाली घटना. एफबीआई और सीक्रेट सर्विस अब इस बात की जांच कर रही है कि मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति के पास हथियार कैसे पहुंचा और इस हमले का असली इरादा क्या था.