छिंदवाड़ा में बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच सिर फुटौवल, भारी पुलिस बल तैनात

Amanat Ansari 24 Feb 2026 02:44: AM 1 Mins
छिंदवाड़ा में बीजेपी-कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच सिर फुटौवल, भारी पुलिस बल तैनात

छिंडवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में रविवार शाम को राजनीतिक तनाव चरम पर पहुंच गया, जब बीजेपी और कांग्रेस के कार्यकर्ता आमने-सामने हो गए. यह सब दिल्ली में हुए 'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट' के दौरान युवा कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन (शर्टलेस प्रोटेस्ट) के जवाब में हुआ, जिसे बीजेपी ने देश की छवि खराब करने वाला कृत्य करार दिया.

शाम करीब 4 बजे बीजेपी युवा मोर्चा और जिला अध्यक्ष शेषराव यादव के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता राजीव भवन (कांग्रेस जिला कार्यालय) की ओर मार्च करते हुए पहुंचे. उन्होंने राहुल गांधी का पुतला फूंकने की कोशिश की और नारेबाजी की. पुलिस ने पहले से ही पूरे इलाके में 150+ जवानों की तैनाती की थी और तीन स्तर की मजबूत बैरिकेडिंग लगाई थी.

लेकिन आक्रोशित भीड़ ने पुलिस के साथ धक्का-मुक्की करते हुए एक-एक कर तीनों बैरिकेड्स तोड़ दिए और सीधे कांग्रेस कार्यालय के मुख्य गेट तक पहुंच गई. इस दौरान बीजेपी जिला अध्यक्ष के साथ पुलिस की हल्की झड़प भी हुई. जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी मोर्चा संभाला. उन्होंने केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री मोहन यादव के खिलाफ नारेबाजी की.

स्थिति बिगड़ने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग (लाठीचार्ज) करना पड़ा, जिससे कुछ कार्यकर्ता घायल हुए. कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उनके कार्यकर्ताओं पर पक्षपातपूर्ण कार्रवाई की और कार्यालय के अंदर घुसकर अभद्रता की. कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने आत्मदाह की धमकी तक दे डाली.

प्रशासन की ओर से अतिरिक्त कलेक्टर धीरज सिंह ने कहा कि लाठीचार्ज की बात झूठी है; दोनों पक्षों को समय पर रोका गया और अब कोतवाली थाने में शिकायतों की जांच चल रही है. बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव भी किया. बीजेपी जिला अध्यक्ष शेषराव यादव ने प्रदर्शन को देशभक्ति से प्रेरित बताया और कहा कि राहुल गांधी अब देश का विरोध करने लगे हैं.

BJP Congress fight Chhindwara News Chhindwara BJP Chhindwara Congress Rahul Gandhi

Recent News