PM Modi security lapse in Bengaluru: बेंगलुरु में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम से जुड़ी सुरक्षा व्यवस्था में हुई गंभीर लापरवाही को लेकर कर्नाटक पुलिस ने सख्त कदम उठाया है. इस मामले में छह पुलिसकर्मियों को तुरंत प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. निलंबित कर्मचारियों में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर, एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर और चार कांस्टेबल शामिल हैं. बेंगलुरु दक्षिण जिले के पुलिस अधीक्षक श्रीनिवास गौड़ा ने इस संबंध में आदेश जारी किए.
क्या था मामला?
इस महीने की शुरुआत में, 10 मई को प्रधानमंत्री के निर्धारित रूट के पास वडेराहली गेट इलाके में विस्फोटक सामग्री (बारूद) बरामद हुई थी. उसी क्षेत्र में इन पुलिसकर्मियों को सुरक्षा ड्यूटी सौंपी गई थी. संदिग्ध गतिविधियों और सामग्रियों पर नजर रखने में इनकी कथित ढिलाई सामने आने के बाद विभाग ने इसे अक्षम्य मानते हुए कार्रवाई की.
पुलिस विभाग का मानना है कि देश के प्रधानमंत्री जैसी उच्च सुरक्षा वाली वीवीआईपी ड्यूटी के दौरान ऐसी लापरवाही गंभीर है, जिसके चलते तत्काल सस्पेंशन का फैसला लिया गया. यह घटना प्रधानमंत्री के दौरे से पहले सुरक्षा इंतजामों की खामियों को उजागर करती है.