Imd Weather Alart : उत्तर प्रदेश इन दिनों भीषण गर्मी और लू की चपेट में है. सोमवार देर रात राजधानी लखनऊ, उन्नाव और आसपास के कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश हुई, जिससे लोगों को कुछ समय के लिए राहत जरूर मिली, लेकिन कई जगह नुकसान भी हुआ. उन्नाव में तेज आंधी के कारण कई पेड़ उखड़ गए. एक 70 वर्षीय बुजुर्ग की पेड़ के नीचे दबने से मौत हो गई, जबकि कई गांवों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई.
मंगलवार सुबह से प्रदेश के अधिकांश जिलों में फिर तेज धूप निकल आई. बुंदेलखंड और दक्षिणी उत्तर प्रदेश के जिलों में हालात सबसे ज्यादा गंभीर हैं, जहां तापमान 45 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के 16 जिलों में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है. पूर्वांचल और बुंदेलखंड के कई इलाकों में गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही हैं.
हालांकि, मौसम विभाग ने 11 जून से राहत मिलने के संकेत दिए हैं. एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होंगी. 11 से 13 जून के बीच कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बूंदाबांदी की संभावना है.
लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 9 और 10 जून को तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है, लेकिन 11 जून से मौसम बदलने लगेगा. प्री-मानसून बारिश के कारण तापमान में गिरावट आएगी और कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच सकता है.
मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून ने अब रफ्तार पकड़ ली है और यह अपने निर्धारित समय के आसपास, यानी 20 जून तक उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है, इसके बाद करीब 10 दिनों के भीतर पूरे प्रदेश में मानसून सक्रिय हो जाएगा, जिससे भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.