तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पूरी तरह बंद, US ने नागरिकों से कहा- खुद ही निकासी के प्लान बनाएं, हमारी मदद संभव नहीं

Amanat Ansari 03 Mar 2026 02:44: PM 2 Mins
तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पूरी तरह बंद, US ने नागरिकों से कहा- खुद ही निकासी के प्लान बनाएं, हमारी मदद संभव नहीं

Tel Aviv Ben Gurion Airport completely closed: अमेरिकी अधिकारी माइक हकाबी ने इजरायल में मौजूद अमेरिकी नागरिकों के लिए एक विस्तृत सलाह जारी की है, जिसमें चेतावनी दी गई है कि क्षेत्र में चल रही सुरक्षा स्थिति के बीच निकासी के विकल्प अभी भी बहुत सीमित हैं. एक्स पर पोस्ट और उसके बाद जारी सुरक्षा अलर्ट में हकाबी ने कहा कि फिलहाल सबसे बेहतर उपलब्ध रास्ता इजरायली पर्यटन मंत्रालय द्वारा संचालित शटल बसों से ताबा बॉर्डर क्रॉसिंग (मिस्र में) तक जाना है. वहां से यात्री ताबा से सीधे उड़ान ले सकते हैं या आगे काहिरा जाकर अमेरिका सहित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए ज्यादा विकल्प तलाश सकते हैं.

यह सलाह ऐसे समय में आई है जब तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट के फिर से खुलने को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है. हकाबी ने कहा कि एयरपोर्ट कब सामान्य रूप से काम करना शुरू करेगा, यह स्पष्ट नहीं है. अगर जल्दी खुल भी जाए तो उड़ानें बहुत कम होंगी और ज्यादातर पहले से टिकट वाले एल अल यात्रियों को प्राथमिकता मिलेगी. अन्य अंतरराष्ट्रीय एयरलाइंस के तुरंत सेवाएं शुरू करने की संभावना कम है.

यरुशलम में अमेरिकी दूतावास ने पुष्टि की है कि सभी अमेरिकी सरकारी कर्मचारी और उनके परिवार आगे के आदेश तक जगह पर ही शेल्टर में रह रहे हैं. दूतावास ने स्पष्ट कहा है कि वह अभी निजी अमेरिकी नागरिकों की निकासी या उनकी सीधी मदद करने की स्थिति में नहीं है. इसलिए लोगों से अपील की गई है कि वे खुद अपनी सुरक्षा और निकासी की योजना बनाएं.

उन्होंने एक्स पर लिखा, ''मैं अभी जॉर्डन के रास्ते निकलने की सिफारिश नहीं करता. उड़ानें नियमित नहीं हैं और एलनबी क्रॉसिंग पर पहुंचने के घंटे सीमित हैं.'' हकाबी ने जॉर्डन के रास्ते निकलने के खिलाफ सलाह दी है क्योंकि उड़ानें अनियमित हैं और एलनबी क्रॉसिंग पर समय सीमित है. हालांकि दक्षिणी क्रॉसिंग (यित्ज़्हाक राबिन/वादी अरबा) सीमित समय के साथ काम कर रही है, लेकिन क्वीन अलिया अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से आगे की उड़ानें कम हैं और देरी की संभावना रहती है. दूतावास के अनुसार, मिस्र की ताबा लैंड क्रॉसिंग 24 घंटे खुली रहती है.

कुछ यात्रियों को वीजा फीस देनी पड़ सकती है, हालांकि सिनाई क्षेत्र में रहने वाले अमेरिकी नागरिक इससे छूट पा सकते हैं. अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा स्थिति बिना किसी पूर्व सूचना के बदल सकती है, जिससे बॉर्डर की पहुंच प्रभावित हो सकती है. दूतावास ने सुरक्षा सावधानियां भी दोहराते हुे कहा कि सतर्क रहें और  नजदीकी शेल्टर की जानकारी रखें. 

सभी रेड अलर्ट सायरन को असली खतरे के रूप में लें. अमेरिकी नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे स्टेट डिपार्टमेंट के स्मार्ट ट्रैवलर एनरोलमेंट प्रोग्राम (STEP) में रजिस्टर करें ताकि अपडेट मिल सकें और इमरजेंसी में संपर्क आसान हो. दूतावास ने चेतावनी दी है कि सुरक्षा माहौल जटिल बना हुआ है और यह बहुत तेजी से बदल सकता है.

Iran-Israel War News US Israel Iran conflict US embassy Israel Iran missile attack

Recent News