बड़वानी: तेज गर्मी अब जंगली जीवों के लिए भी बड़ी चुनौती बन गई है. एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कोबरा सांप को बचाने के लिए सर्प मित्र ने अंत तक प्रयास किया. सांप को CPR तक दिया गया, लेकिन आखिरकार उसकी जान नहीं बचाई जा सकी. मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के अंजड़ के पास स्थित गांव दवाना में यह घटना हुई.
तेज गर्मी अब सिर्फ इंसानों को ही नहीं, बल्कि जंगल और आसपास रहने वाले जीव-जंतुओं के लिए भी जानलेवा साबित हो रही है. बड़वानी जिले से एक दिल छू लेने वाला मामला सामने आया है, जहां एक कोबरा सांप को बचाने के लिए सर्प मित्र ने पूरी कोशिश की, यहां तक कि उसे सीपीआर भी दिया गया, लेकिन… pic.twitter.com/C9VMp0DuRo
— NDTV MP Chhattisgarh (@NDTVMPCG) May 24, 2026
लगातार बढ़ रहे तापमान और पानी की कमी के कारण कोबरा बेहद कमजोर हो चुका था. सांप बेसुध अवस्था में मिला, जिसे देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत सर्प मित्र निलेश उपाध्याय को सूचना दी. निलेश उपाध्याय तलवाड़ा डेब से मौके पर पहुंचे. उन्होंने सांप को बचाने की पूरी कोशिश की और उसकी हालत सुधारने के लिए CPR भी दिया. काफी देर तक प्रयास करने के बाद भी सांप को होश नहीं आया और उसकी मौत हो गई.
गर्मी क्यों बन रही है जानलेवा?
विशेषज्ञ बताते हैं कि सांप सरीसृप प्रजाति के ठंडे खून वाले जीव हैं. इनका शरीर बाहर के तापमान पर निर्भर रहता है. जब गर्मी अत्यधिक बढ़ जाती है तो ये खुद को नियंत्रित नहीं कर पाते. ऐसे में हीटवेव उनके लिए घातक साबित हो रही है.
निलेश उपाध्याय ने लोगों से खास अपील की है कि इस गर्मी के मौसम में सिर्फ इंसानों के लिए नहीं, बल्कि पशु-पक्षियों और सांप जैसे जीवों के लिए भी पानी की व्यवस्था करें. अगर कोई घायल, बीमार या बेहाल जानवर दिखे तो तुरंत वन विभाग या सर्प बचाव टीम को सूचित करें. यह घटना बढ़ती गर्मी, जल संकट और बदलते मौसम के प्रभाव को लेकर एक गंभीर चेतावनी है.