नई दिल्ली: जापान में चल रहे एशियन पैरा गेम्स 2026 के दौरान भारतीय दल को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. पैरा स्विमर मोहम्मद शम्स आलम शेख को यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ के आरोप में जापानी पुलिस ने हिरासत में लिया और बाद में भारत वापस भेज दिया गया. 40 वर्षीय शेख पर आरोप है कि उन्होंने होटल की महिला हाउसकीपिंग कर्मचारी के साथ अनुचित व्यवहार किया. घटना सोमवार को उस होटल में हुई जहां भारतीय पैरा स्विमिंग टीम ठहरी हुई थी.
महिला कर्मचारी उनके कमरे में सफाई का काम कर रही थीं, तभी कथित तौर पर यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज हुई. शिकायत के बाद स्थानीय आयोजन समिति और भारतीय दल के अधिकारियों को जानकारी दी गई. जापानी पुलिस ने शेख को हिरासत में लिया. मंगलवार को उन्हें भारत भेज दिया गया. वे अपने निर्धारित इवेंट्स में हिस्सा नहीं ले सके.
पैरालंपिक कमिटी ऑफ इंडिया (PCI) इस मामले में सख्त कार्रवाई पर विचार कर रही है. सूत्रों के अनुसार आजीवन प्रतिबंध लगाने की सिफारिश की गई है. खेलों के बाद दिल्ली में औपचारिक फैसला लिया जाएगा. शेख बिहार के रहने वाले हैं और पहले पुरुष 100 मीटर बटरफ्लाई S5 तथा 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक SB4 श्रेणी में विश्व नंबर-1 रह चुके हैं.
उन्होंने 2018 एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक भी जीते थे. यह घटना भारतीय दल के लिए बेहद शर्मनाक साबित हुई है. PCI ने इसे असहनीय बताया है और आगे की जांच के बाद कठोर अनुशासनात्मक कार्रवाई का संकेत दिया है.