मुंबई : आईपीएल 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा ऐलान किया है। टीम के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभालेंगे। फ्रेंचाइजी ने 27 नवंबर को आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि आईपीएल के 20वें सीजन में रोहित शर्मा ब्लू एंड गोल्ड टीम का नेतृत्व करेंगे। मुंबई इंडियंस के लिए यह सीजन बेहद खास होने वाला है, क्योंकि फ्रेंचाइजी अपनी स्थापना के 20 साल पूरे होने का जश्न मनाने जा रही है।
रोहित शर्मा का मुंबई इंडियंस के साथ पुराना और मजबूत रिश्ता रहा है। साल 2011 में टीम से जुड़ने के बाद उन्होंने अपनी कप्तानी में मुंबई को पांच बार आईपीएल चैंपियन बनाया। उनकी अगुवाई में टीम ने अपनी अलग पहचान बनाई और कई युवा खिलाड़ियों को बड़े मंच पर चमकने का मौका मिला। रोहित की कप्तानी, अनुभव और खिलाड़ियों के साथ बेहतर तालमेल को मुंबई इंडियंस की सफलता की बड़ी वजह माना जाता है।
मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता एम. अंबानी ने रोहित की वापसी पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि 2011 में रोहित को टीम में शामिल किया गया था। उस समय के युवा खिलाड़ी को एक बेहतरीन क्रिकेटर, चैंपियन और लीडर के रूप में विकसित होते देखना उनके लिए गर्व और खुशी की बात रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि रोहित के नेतृत्व में टीम को फिर कई यादगार सफलताएं मिलेंगी।
वहीं, आकाश अंबानी ने कहा कि 20वें सीजन में रोहित का टीम की कमान संभालना बेहद खास है। टीम और रोहित के बीच का रिश्ता काफी मजबूत है। उनके अनुभव और नेतृत्व से टीम को नई ऊंचाइयां हासिल करने में मदद मिलेगी।
कप्तानी मिलने पर रोहित शर्मा ने कहा कि मुंबई इंडियंस उनकी जिंदगी का अहम हिस्सा है। टीम का नेतृत्व करना हमेशा उनके लिए गर्व की बात रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी सीजन में टीम एकजुट होकर अपना सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खेलेगी और प्रशंसकों को जश्न मनाने के कई मौके देगी।