राजगीर: बिहार के खेल इतिहास में आज एक नया पन्ना जुड़ गया है...राजगीर खेल अकादमी में आज भारत और न्यूज़ीलैंड के बीच रग्बी के इंटरनेशनल मुकाबले का जोरदार आगाज हुआ, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने खुद मैदान पर पहुंचकर इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन किया...इस खास मौके पर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह के साथ-साथ मशहूर बॉलीवुड एक्टर राहुल बोस भी मैदान पर मौजूद रहे और इस ऐतिहासिक पल के गवाह बने.
राजगीर के इस अत्याधुनिक स्टेडियम में आज दर्शकों की भारी भीड़ देखने को मिली. मुकाबले से पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मैदान पर उतरकर भारत और न्यूज़ीलैंड की पुरुष और महिला, दोनों टीमों के खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनसे हाथ मिलाकर उनका हौसला बढ़ाया...इस दौरान न्यूज़ीलैंड टीम का डेलीगेशन भी मौजूद रहा, जिनसे सीएम ने बातचीत की. मैच की शुरुआत से पहले अभिनेता राहुल बोस ने मुख्यमंत्री को शील्ड देकर सम्मानित किया और फिर पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रगान गाया गया.
खिलाड़ियों और दर्शकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भारत-न्यूज़ीलैंड के 100 साल पुराने खेल और दोस्ताना रिश्तों का जिक्र किय. सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि भारत और न्यूज़ीलैंड के खेल और मित्रता के 100 वर्षों के गौरवशाली संबंधों का उत्सव मनाते हुए, आज इस ऐतिहासिक रग्बी प्रतियोगिता की शुरुआत की जा रही है.
उद्घाटन के बाद दोनों टीमों ने मुख्यमंत्री को अपनी जर्सी भेंट की उसके बाद सीएम ने स्टैंड्स में बैठकर मैच का आनंद भी लिया. राजगीर में इंटरनेशनल इवेंट और दर्शकों की इस भारी भीड़ ने साफ कर दिया है कि बिहार में अब खेलों का एक नया दौर शुरू हो चुका है. राजगीर की खूबसूरत वादियों के बीच खेले गए इस रोमांचक मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने 31 अंकों के अंतर से बड़ी जीत दर्ज की.....राजगीर के इस विश्व स्तरीय स्टेडियम में हो रहा यह शानदार इंटरनेशनल मुकाबला इस बात की मिसाल है कि बिहार में खेल और खिलाड़ियों के विकास के प्रति एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता अब पूरी तरह साकार हो रही है.