लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 29 और 30 अक्टूबर को मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है. बंगाल की खाड़ी में बने प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ का असर प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिल सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज झोंकेदार हवाओं के साथ भारी से बहुत भारी बारिश की आशंका है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भी बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है.
चक्रवात 'अर्नब' का रास्ता
चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ 28 अक्टूबर को आंध्र प्रदेश और यानम के तट के पास बापटला एवं विशाखापत्तनम के बीच से अति प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में गुजरा. इसके बाद यह कमजोर होकर प्रचंड चक्रवाती तूफान की कैटेगरी में आ गया. अगले 48 घंटों में यह उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए धीरे-धीरे कमजोर हो सकता है. इस मौसम प्रणाली और दो पश्चिमी विक्षोभों के प्रभाव से यूपी में 29-30 अक्टूबर को व्यापक स्तर पर बेमौसम बारिश का अनुमान है.
29 अक्टूबर को इन जिलों में बहुत भारी बारिश
प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदास नगर (भदोही), गाजीपुर इसके अलावा चित्रकूट, कौशांबी, प्रतापगढ़, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, कुशीनगर, सुल्तानपुर और अंबेडकर नगर सहित आसपास के इलाकों में भी भारी बारिश की संभावना है.
30 अक्टूबर को भी जारी रहेगा असर
30 अक्टूबर को गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर, श्रावस्ती और बहराइच में बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोंडा, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या और अंबेडकर नगर में भारी बारिश की आशंका है.
50 किमी प्रति घंटे तक की रफ्तार से हवाएं
बारिश के साथ कई जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है. पूर्वी यूपी के अलावा पश्चिमी यूपी के सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर और संभल आदि जिलों में भी सतर्कता जरूरी है. लखनऊ, उन्नाव, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, रायबरेली, अमेठी, बाराबंकी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर में भी गरज-चमक और तेज हवाओं की चेतावनी है.
तापमान में 6 से 9 डिग्री की गिरावट
चक्रवात और पश्चिमी विक्षोभों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 6 से 9 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है. इससे दिन के समय गर्मी से राहत मिल सकती है, लेकिन बारिश, तेज हवा और बादलों के कारण मौसम अस्थिर बना रहेगा. मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है.
CM योगी ने चक्रवात अर्णब के संभावित प्रभाव को लेकर दिशा निर्देश जारी किए