नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के प्रतिष्ठित नॉर्थ ब्लॉक में सोमवार सुबह आग लगने की सूचना मिली. यह भवन गृह मंत्रालय और वित्त मंत्रालय के कार्यालयों का केंद्र है. इमारत से घना धुआं उठता दिखने के बाद दिल्ली फायर सर्विस ने तुरंत 6 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजीं.
दिल्ली फायर सर्विस को सुबह 11:10 बजे धुएं की सूचना मिली. छत पर चल रहे मरम्मत/रिनोवेशन कार्य के दौरान एक पुराने प्लास्टिक वॉटर टैंक या एसी बॉयलर में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई. मजदूरों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश की. दमकल कर्मियों के पहुंचने के बाद स्थिति नियंत्रण में आ गई.
पुलिस के अनुसार, छत पर रिपेयर वर्क चल रहा था, जिससे मामूली आग भड़की. कोई हताहत नहीं हुआ. राज्या सभा सांसद मिलिंद देओरा ने संसद जाते समय धुआं देखकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया.
नॉर्थ ब्लॉक ब्रिटिश काल की महत्वपूर्ण प्रशासनिक इमारत है, जो रायसीना हिल पर स्थित है. घटना संवेदनशील क्षेत्र में होने के कारण सुरक्षा बढ़ा दी गई. आग जल्दी बुझा दी गई और आगे कोई नुकसान नहीं हुआ.