वाराणसी में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य रोड शो हुआ. अपने संसदीय क्षेत्र काशी पहुंचने पर स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया. पुलिस लाइन से नमो घाट तक करीब 7 किलोमीटर लंबे रोड शो में सड़कों के दोनों ओर भारी भीड़ उमड़ पड़ी. लोग फूलों की वर्षा करते हुए और ‘हर हर महादेव’, ‘मोदी-मोदी’ के नारे लगाते हुए पीएम का स्वागत करते दिखे.
यह भी पढ़ें: गंगा के किनारे उड़ान का महाकुंभ! नमो घाट पर भव्य एयर शो देखने पहुंचेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी पहले मिर्जामुराद के खोचवां में अरविंद लिमिटेड की नई गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का उद्घाटन कर चुके थे. इसके बाद उन्होंने सड़क मार्ग से रोड शो निकाला. रास्ते में जगह-जगह भाजपा कार्यकर्ताओं और काशीवासियों ने गुलाब की पंखुड़ियां बिखेरकर उनका अभिनंदन किया. खुली जीप में खड़े होकर पीएम मोदी लोगों को हाथ हिलाकर अभिवादन कर रहे थे.
नमो घाट पर एयर शो का दीदार
रोड शो के बाद प्रधानमंत्री नमो घाट पहुंचे, जहां भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के मौके पर ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो का अंतिम दिन चल रहा है. यहां वे मुख्य अतिथि के रूप में एयर शो के साक्षी बने. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस मौके पर मौजूद रहे.
काशी में पीएम मोदी के आगमन को लेकर पूरे शहर में भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी. हजारों पुलिसकर्मी तैनात किए गए और कई रास्तों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया गया. काशीवासियों के इस जोरदार स्वागत ने एक बार फिर साबित कर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र में कितने लोकप्रिय हैं.