चंडीगढ़: हरियाणा सरकार जापान में आयोजित एशियाई और पैरा एशियाई खेल-2026 के पदक विजेता खिलाड़ियों को बड़ा सम्मान देने जा रही है. 30 अक्टूबर को भिवानी के भीम स्टेडियम में राज्य स्तरीय सम्मान समारोह आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार और सरकारी नौकरियां प्रदान करेंगे.
खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री गौरव गौतम ने बताया कि समारोह में कुल 185 करोड़ रुपए के नकद पुरस्कार बांटे जाएंगे. एशियाई गेम्स के 134 खिलाड़ियों को 133 करोड़ रुपए दिए जाएंगे. इन खेलों में हरियाणा के खिलाड़ियों ने 32 पदक (14 स्वर्ण, 9 रजत और 9 कांस्य) जीते थे.
पैरा एशियाई गेम्स के 37 पैरा खिलाड़ियों को 52 करोड़ रुपए की पुरस्कार राशि मिलेगी. इन खेलों में भी प्रदेश के खिलाड़ियों ने 32 पदक (9 स्वर्ण, 9 रजत और 14 कांस्य) हासिल कर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया. गौरव गौतम ने कहा कि हरियाणा की खेल नीति पूरे देश में सबसे उत्कृष्ट मानी जाती है.
खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाएं, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और बड़े नकद पुरस्कार युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित कर रहे हैं. ओलंपिक, विश्व चैंपियनशिप, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों में हरियाणा के खिलाड़ी देश के लिए सबसे ज्यादा पदक जीतते रहे हैं.
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खेलो इंडिया विजन और मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश का खेल ढांचा और मजबूत हुआ है. सरकार खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण और सरकारी नौकरी के जरिए उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.