चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के लिए अच्छी खबर दी है. अक्टूबर माह का वेतन और भत्ते सामान्य तारीख से दो दिन पहले यानी 30 अक्टूबर को ही जारी कर दिए जाएंगे. यह फैसला लाखों कर्मचारियों, पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों के लिए लिया गया है.
सरकार ने यह निर्णय इसलिए लिया क्योंकि 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती (राष्ट्रीय एकता दिवस) पर स्पेशल डे घोषित है, जिस दिन सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे. इसके अगले दिन 1 नवंबर को हरियाणा दिवस मनाया जाता है, जिस दिन भी सरकारी छुट्टी रहती है.
अक्टूबर के आखिरी दिन और नवंबर के पहले दिन छुट्टी होने के कारण वेतन पहले ही जारी करने का फैसला किया गया है. त्योहारी सीजन चल रहा है, इसलिए कर्मचारियों को खरीदारी आदि के लिए पैसे समय पर मिल सकें.
हरियाणा वित्त विभाग को आदेश जारी कर दिए गए हैं. विभाग कर्मचारियों के वेतन व भत्ते तैयार करके उनके खातों में डालने की तैयारी कर रहा है. यह सुविधा सभी सरकारी कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और पारिवारिक पेंशनभोगियों पर लागू होगी. यह कदम कर्मचारियों को त्योहारों के दौरान आर्थिक सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से उठाया गया है.