Aligarh Road Rage Case: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में सड़क पर हॉर्न बजाने और मामूली कहासुनी का विवाद इतना बढ़ गया कि एक हलवाई की जान चली गई. आरोप है कि पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह के नाम पर पंजीकृत ऑडी कार ने बाइक सवार हलवाई मनोज सिंह को पहले पीछे से टक्कर मारी और फिर उन्हें कुचल दिया.
हादसे में मनोज के साथ मौजूद उनका कारीगर कन्हैया भी घायल हो गया. घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला चर्चा में है. पुलिस ने हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज कर कार जब्त कर ली है और आरोपी चालक की तलाश कर रही है.
A speeding Audi rammed a motorcycle from behind on GT Road in Aligarh. The footage shows one of the riders being flung into the air.Instead of stopping, the driver reversed the car and ran over the victims again before fleeing the spot. The incident killed one man, identified as Manoj Kumar.The crash happened on October 20 around 11:10 pm near Bannadevi police station area. #Aligarh #UttarPradesh #CCTV
— NDTV (@ndtv) October 22, 2026
मामूली विवाद से शुरू हुआ पूरा मामला
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, घटना दशहरे के दिन मंगलवार रात करीब 11 बजे की है. गभाना क्षेत्र के भुकरावली गांव निवासी 36 वर्षीय मनोज सिंह हलवाई का काम करते थे. वह अपने कारीगर कन्हैया के साथ बाइक से सारसौल की तरफ पेमेंट लेने जा रहे थे. रास्ते में जीटी रोड पर साईं कॉलेज के पास ऊदला मोड़ पर उनकी बाइक एक सफेद ऑडी कार के पास रुकी.
कन्हैया के मुताबिक, बाइक खड़ी करने को लेकर कार में सवार युवकों से कहासुनी शुरू हो गई. आरोप है कि इस दौरान गाली-गलौज भी हुई. मनोज ने विवाद को आगे बढ़ाने के बजाय वहां से निकलना बेहतर समझा और बाइक लेकर आगे बढ़ गए. लेकिन आरोप है कि करीब 500 मीटर आगे जाने के बाद वही ऑडी कार पीछे से आई और उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.
बाइक को मारी टक्कर, हलवाई पर चढ़ाई कार
टक्कर लगते ही मनोज और कन्हैया सड़क पर गिर पड़े. रिपोर्ट के अनुसार, इसके बाद ऑडी कार से मनोज को कुचल दिया गया. घटना देखकर आसपास मौजूद लोग मदद के लिए दौड़े. कुछ लोगों ने कार को रोकने की कोशिश भी की, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया. परिजन दोनों घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे. मनोज को बेहतर इलाज के लिए अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी. कन्हैया घायल हो गए.
इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस के मुताबिक, घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित किए गए हैं और तकनीकी साक्ष्य भी जुटाए गए हैं.
पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष के नाम पर ऑडी
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया कि घटना में इस्तेमाल सफेद ऑडी कार पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी देवराज सिंह के नाम पर पंजीकृत है. पुलिस ने वाहन को कब्जे में ले लिया है. शुरुआत में एक चालक से पूछताछ की गई, लेकिन बाद में उसने घटना के समय कार चलाने से इनकार कर दिया.
रिपोर्ट में पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि कार देवराज सिंह का भतीजा विक्रांत चला रहा था. हालांकि, घटना के समय कार में कौन-कौन मौजूद था और वास्तविक चालक कौन था, इसकी पुष्टि के लिए पुलिस जांच कर रही है.
हत्या का केस दर्ज, गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित
अलीगढ़ के बन्नादेवी थाना क्षेत्र में इस मामले में हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रत्यक्षदर्शी के बयान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से घटना की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं. आरोपी चालक की तलाश के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया है. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के समय ऑडी में कितने लोग सवार थे और घटना के बाद वे किस रास्ते से फरार हुए.
सड़क पर मामूली कहासुनी ने ले ली जान
अलीगढ़ की यह घटना सड़क पर होने वाले विवादों के खतरनाक रूप को सामने लाती है. हॉर्न बजाने या रास्ते को लेकर शुरू हुई कहासुनी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दूसरा घायल हो गया. फिलहाल मामले में पुलिस जांच जारी है. घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की भूमिका और आरोपों की अंतिम पुष्टि जांच तथा न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी.