कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में एक सनसनीखेज और क्रूर घटना सामने आई है. हनुमंत विहार इलाके में 37 वर्षीय बीरू सिंह भदौरिया की मौत हो गई, जब हमलावरों ने उसके दोनों हाथ कार की खिड़कियों में फंसाकर छत पर लिटा दिया और करीब 1.5 किलोमीटर तक तेज रफ्तार से घसीटते हुए ले गए.
कानपुर नगर में कानून व्यवस्था पर लगे लापरवाही के आरोप। हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के अंतर्गत दशहरे वाले दिन युवक के मेले से लौटने के दौरान दबंगों ने उसकी हत्या कर उसके मृत शरीर को अपनी कार पर रखकर रात्रि 10: 25 बजे सरेआम रोड पर घुमाया जिसका CCTV वीडियो वायरल। योगी सरकार में हत्या व बलात्कार की घटना आम हो गई है।
— Adv Deepak Babu (@dbabuadvocate) October 22, 2026
घटना मंगलवार रात की है. बीरू सिंह दशहरा मेले से घर लौट रहे थे. पुरानी दुश्मनी के चलते हमलावरों ने अपनी कार से उन्हें टक्कर मारी. फिर उन पर हमला किया, उन्हें कार की छत पर लिटाया और दोनों हाथ खिड़कियों के शीशों के बीच फंसाकर शीशे बंद कर दिए. इसके बाद तेज रफ्तार से करीब डेढ़ किलोमीटर तक कार चलाते रहे.
अंत में हमलावरों ने उन्हें सड़क पर फेंक दिया और भाग निकले. परिवार के अनुसार कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि उन्हें फेंकने के बाद कार से कुचला भी गया. बीरू सिंह को लाला लाजपत राय अस्पताल ले जाया गया, जहां बुधवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है.
पोस्टमॉर्टम हो चुका है. जांच में सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल की जा रही है ताकि घटना का सही क्रम और आरोपियों की पहचान की जा सके. परिवार का आरोप है कि पुरानी रंजिश के चलते राजवीर और मेवालाल समेत कुछ लोगों ने यह घटना अंजाम दी. यह घटना बेहद क्रूर और हैरान करने वाली है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है.