पटना: बिहार की राजधानी पटना के फुलवारीशरीफ में दशहरे के दिन एक सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया है. यहां चाचा ललन शर्मा ने अपने भतीजे दीपक कुमार को गोली मारकर हत्या कर दी. आरोप है कि ललन का दीपक की पत्नी से अवैध संबंध चल रहा था और इसका विरोध करने पर यह वारदात हुई.
जानकारी के मुताबिक, बभनपुरा गांव में मंगलवार सुबह करीब 7 गोलियां दीपक को मारी गईं. घटनास्थल से 6 खोखे मिले हैं. आरोपी ललन शर्मा फरार है. बताया जा रहा है कि दीपक करीब 4 साल जेल में रहा था. इसी दौरान ललन और दीपक की पत्नी के बीच नजदीकियां बढ़ गई थीं. जेल से बाहर आने के बाद दीपक इसका विरोध करता था, जिससे दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था.
ललन की पत्नी का कहना है कि उनके पति का मृतक दीपक की पत्नी से अवैध संबंध था. दीपक को यह बात पता चल गई थी और वह ललन को मारना चाहता था, लेकिन मौका पाकर ललन ने दीपक को गोली मार दी. वहीं, मृतक के पिता विनध्याचल शर्मा ने बताया कि ललन का उनकी बहू के साथ अवैध संबंध था.
बहू के मायके में ललन ने उसके लिए जमीन खरीदकर घर भी बनाया था. दोनों के बीच जमीन को लेकर भी विवाद चल रहा था.पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की पत्नी व बेटी से पूछताछ कर रही है. मामले की जांच जारी है.