जयपुर: राजस्थान कांग्रेस ने NSUI राष्ट्रीय सचिव रितु बराला के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के मामले में जीरो FIR दर्ज कराने के लिए जयपुर पुलिस कमिश्नरेट को ही धरनास्थल बना दिया. प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास समेत कई दिग्गज नेता रातभर कमिश्नरेट के अंदर डटे रहे. नेताओं ने वहीं गद्दे बिछाए और रात गुजारी, जबकि महिला कांग्रेस नेताओं ने सोफे पर सोकर विरोध जताया.
सोमवार देर शाम रितु बराला को साथ लेकर डोटासरा प्रतिनिधिमंडल के साथ कमिश्नरेट पहुंचे थे. मांग थी कि दिल्ली पुलिस की संबंधित महिला कॉन्स्टेबल के खिलाफ जयपुर में जीरो नंबर FIR दर्ज की जाए. पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल उनसे नहीं मिले, जिसके बाद डोटासरा ने फोन पर बात की और साफ कहा कि आप इसे पर्सनल मुद्दा मत बनाओ. जब तक FIR दर्ज नहीं होगी, हम यहां से नहीं जाएंगे.
मंगलवार सुबह भी धरना जारी रहा. बाहर कार्यकर्ताओं की नारेबाजी तेज हुई और बैरिकेडिंग हटाने के दौरान पुलिस से हल्की झड़प भी हो गई. यूथ कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष अभिषेक चौधरी समेत कार्यकर्ता बाहर प्रदर्शन कर रहे थे.
कांग्रेस का कहना है कि रितु बराला ने मोतीडूंगरी थाने में शिकायत दी थी, लेकिन FIR दर्ज करने के बजाय उन्हें पुलिस कमिश्नर से मिलने को कहा गया. इस पूरे मामले में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का फोन भी अहम रहा. उन्होंने डोटासरा को जयपुर में FIR दर्ज कराने के लिए कहा था.