लखनऊ/नागपुर: लखनऊ के कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में 11 दिन से यूपी पुलिस को छका रही मॉडल श्रद्धा दुबे को नागपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है. उसके साथ उसकी बहन रश्मि और ड्राइवर दानिश भी यूपी एसटीएफ के हत्थे चढ़ गए हैं. यूपी पुलिस और एसटीएफ की टीम कई शहरों में उसकी तलाश कर रही थी.
श्रद्धा दुबे लखनऊ से नेपाल भागने, फिर लौटकर लखनऊ आने, मीडिया को इंटरव्यू देने और पश्चिमी यूपी की ओर निकल जाने जैसी गतिविधियों से पुलिस को परेशान कर रही थी. पुलिस का दावा है कि वह अपनी बहन और ड्राइवर के साथ बुर्के में सफर कर रही थी. यूपी एसटीएफ ने उसकी लोकेशन ट्रेस की और नागपुर पुलिस की मदद से तीनों को गिरफ्तार किया.
तीनों को मंगलवार को ट्रांजिट रिमांड पर नागपुर से लखनऊ लाया जाएगा. श्रद्धा दुबे पर पुलिस ने इनाम भी घोषित कर रखा था. इस बीच वह अग्रिम जमानत (एंटीसेपेटरी बेल) हासिल करने की कोशिशों में भी जुटी हुई थी, लेकिन दशहरे की छुट्टियों के कारण उसकी योजना सफल नहीं हो पाई. शिवा शर्मा की मां रंजना ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की थी. उन्होंने परिवार की सुरक्षा और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी गुहार लगाई थी.