विजयादशमी पर गोरखनाथ मंदिर में नाथ पंथ की दिव्य परंपरा कायम, सीएम योगी ने गुरु गोरखनाथ की विधि-विधान से पूजा की

Amanat Ansari 20 Oct 2026 02:30 PM 1 Mins
विजयादशमी पर गोरखनाथ मंदिर में नाथ पंथ की दिव्य परंपरा कायम, सीएम योगी ने गुरु गोरखनाथ की विधि-विधान से पूजा की

गोरखपुर: विजयादशमी के पावन अवसर पर गोरक्षपीठाधीश्वर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में महायोगी गुरु गोरखनाथ की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. इस प्राचीन नाथ पंथ परंपरा में श्रीनाथ जी के पूजन के माध्यम से लोक कल्याण की कामना, गुरु के प्रति गहरी श्रद्धा और नाथपंथ की आध्यात्मिक विरासत का भाव व्यक्त होता है. शाम को मंदिर से निकलने वाली विजय शोभायात्रा की अगुवाई भी योगी आदित्यनाथ स्वयं करेंगे.

तुरही, नगाड़ों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मंगल ध्वनियों के बीच योगी आदित्यनाथ मठ से पूजन के लिए पहुंचे तो पूरा मंदिर परिसर श्रद्धा और उत्साह से गूंज उठा. विशेष परिधान में सुसज्जित मुख्यमंत्री ने सबसे पहले शिवावतार गुरु गोरखनाथ का विशिष्ट पूजन कर जगत कल्याण की कामना की और आशीर्वाद प्राप्त किया. इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में स्थापित अन्य देव विग्रहों की भी पूजा-अर्चना की. दोपहर में पारंपरिक तिलकोत्सव के दौरान नाथ योगियों, साधु-संतों और श्रद्धालुओं से भेंट का कार्यक्रम भी होना है.

नाथपंथ में गुरु का स्थान सर्वोपरि माना जाता है. गुरु गोरखनाथ की परंपरा योग-साधना, अनुशासन, आत्मसंयम और लोककल्याण की भावना पर बल देती है. विजयादशमी पर होने वाला यह विशेष पूजन इसी गुरु परंपरा की निरंतरता का प्रतीक है. शोभायात्रा में हर वर्ग के लोग शामिल होते हैं. इसकी एक खास पहचान अल्पसंख्यक समुदाय की सक्रिय भागीदारी है.

मंदिर के मुख्य द्वार से कुछ दूरी पर अल्पसंख्यक समुदाय के लोग घंटों पहले ही फूल-मालाएं लेकर खड़े रहते हैं और गोरक्षपीठाधीश्वर का भव्य स्वागत करते हैं. प्रदेश उर्दू अकादमी के पूर्व अध्यक्ष चौधरी कैफुल वरा के नेतृत्व में जैद चौधरी, चौधरी राजीउद्दीन सहित कई लोग मौजूद रहे. राजू हाजी, हाजी साजिद, वसी और नफीस समेत पसमांदा समाज के सदस्यों ने भी योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन कर आशीर्वाद लिया.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए लिखा, “यतो धर्मस्ततो जयः. मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम के आदर्शों और जीवन-मूल्यों का स्मरण कराने वाले पावन पर्व विजयादशमी की समस्त प्रदेशवासियों और श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.”

Recent News