CEC ज्ञानेश कुमार ने वीडियो कॉल से शुकतीर्थ में लगाई हाजिरी! माता-पिता और पत्नी भागवत कथा में शामिल

Amanat Ansari 19 Oct 2026 09:21 PM 1 Mins
CEC ज्ञानेश कुमार ने वीडियो कॉल से शुकतीर्थ में लगाई हाजिरी! माता-पिता और पत्नी भागवत कथा में शामिल

मुजफ्फरनगर: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने रविवार को मुजफ्फरनगर के पौराणिक शुकतीर्थ में वीडियो कॉल के जरिए भागवत कथा के पोथी पूजन में भाग लिया. उनके माता-पिता और पत्नी समेत कई परिजन कथा में शामिल हुए. श्री शुकदेव आश्रम में आयोजित भागवत कथा का सातवें दिन विधि-विधान से समापन हुआ.

इस दौरान CEC ज्ञानेश कुमार की माता सत्यवती, पिता डॉ. सुबोध कुमार गुप्ता और पत्नी अनुराधा कुमारी मौजूद रहीं. उन्होंने पीठाधीश्वर स्वामी ओमानन्द महाराज को सम्मानित किया. कथाव्यास अचल कृष्ण शास्त्री ने सुदामा चरित्र, भगवान कृष्ण स्वधाम गमन, परीक्षित मोक्ष और भागवत सार की कथा का मार्मिक वर्णन किया.

पीठाधीश्वर स्वामी ओमानन्द महाराज ने कहा कि पुण्य पाने के लिए भगवान की शरण में रहें. मन, वाणी और शरीर के पापों से बचें, तभी जीवन कल्याण संभव है. राष्ट्र की समृद्धि, शांति और उन्नति के लिए यज्ञ में आहुतियां दी गईं. दिल्ली के मुख्य आयकर आयुक्त मनीष कुमार और मध्य प्रदेश के डीजी पुलिस उपेंद्र जैन समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे.

श्री शुकदेव अन्न क्षेत्र में विशाल भंडारे के साथ जरूरतमंदों को डेढ़ सौ कम्बल भी वितरित किए गए. शुकतीर्थ का महाभारतकालीन वटवृक्ष देश के पांच सबसे पुराने वटवृक्षों में शामिल है. मान्यता है कि महर्षि शुकदेव ने इसी वृक्ष के नीचे राजा परीक्षित को श्रीमद्भागवत कथा सुनाई थी.

Recent News