दिल्ली के साथ-साथ यूपी में भी रावण के साथ जलेगा 30 फुट ऊंचा कॉकरोच का पुतला!

Amanat Ansari 19 Oct 2026 07:49 PM 1 Mins
दिल्ली के साथ-साथ यूपी में भी रावण के साथ जलेगा 30 फुट ऊंचा कॉकरोच का पुतला!

मुजफ्फरनगर: दशहरे पर इस बार दिल्ली ही नहीं, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में भी रावण दहन के साथ ‘कॉकरोच’ का पुतला जलाया जाएगा. नुमाइश मैदान में 30 फुट ऊंचे कॉकरोच के पुतले को रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के साथ जलाकर विरोध का अनूठा संदेश देने की तैयारी है.

मुजफ्फरनगर के नुमाइश मैदान में 60, 55 और 50 फुट ऊंचे रावण के पुतले तैयार किए गए हैं. इनके साथ 30 फुट ऊंचा कॉकरोच पार्टी का पुतला भी बनाया गया है. ऋषिकेश से आए कारीगरों ने इन पुतलों को तैयार किया है. जहां रावण का दहन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक होगा, वहीं कॉकरोच के पुतले को व्यंग्यात्मक विरोध के रूप में देखा जा रहा है.

श्रीराम सेवा दल के कोऑर्डिनेटर विशाल डूमडा ने बताया कि एक राजनीतिक दल कॉकरोच के नाम से देशभर में गंदगी फैलाने और अराजकता का माहौल पैदा करने में लगा है. इससे निजात मिलनी चाहिए. इसी विचार के तहत कॉकरोच का पुतला तैयार कराया गया है. उन्होंने कहा कि पहले भी कोविड, भ्रष्टाचार और आतंकवाद जैसे मुद्दों के प्रतीकात्मक पुतले जलाए जा चुके हैं. इस बार कॉकरोच को नया प्रतीक बनाया गया है.

दिल्ली के रामलीला मैदान में भी श्री केशव रामलीला समिति रावण, मेघनाद और कुंभकर्ण के साथ कॉकरोच जनता पार्टी का पुतला जलाने की तैयारी कर चुकी है. समिति का कहना है कि कॉकरोच गंदगी का प्रतीक है और इसका मकसद स्वच्छ भारत-स्वच्छ दिल्ली अभियान के प्रति जागरूकता फैलाना है. यह आयोजन पारंपरिक दशहरा समारोह के साथ राजनीतिक संदेश भी दे रहा है.

Recent News