कोलकाता: राजनीतिक बहसों और तीखी टिप्पणियों के लिए जाने-माने तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ नेता और श्रीरामपुर लोकसभा सांसद कल्याण बनर्जी का एक अलग और भावुक रूप सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है. महाष्टमी के पावन अवसर पर संधि पूजा के दौरान मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने वे इतने भावुक हो गए कि आंखों से आंसू नहीं रोक पाए.
VIDEO | Kolkata: TMC MP Kalyan Banerjee performs aarti, offers prayers to Goddess Durga at his Ganga Darshan residence. (Full video available on PTI Videos - https://t.co/d8jp61yd2p) https://t.co/1fGu1acUHH
— Press Trust of India (@PTI_News) October 19, 2026
वीडियो में साफ दिख रहा है कि श्रीरामपुर स्थित अपने रिहायशी परिसर ‘गंगा दर्शन’ में कल्याण बनर्जी मां दुर्गा की आराधना में पूरी तरह लीन हैं. संस्कृत श्लोकों का उच्चारण करते हुए उनकी आवाज कांपने लगी और आंसू बहने लगे.
हाथ जोड़कर प्रार्थना करते हुए उन्होंने कहा, ''मां, मुझे सद्बुद्धि दो, शक्ति दो, ज्ञान दो और भक्ति दो.'' साथ ही उन्होंने ''भवतारिणी मां, जय तारा!'' का उद्घोष भी किया. संसद और सार्वजनिक मंचों पर अपने सख्त तेवर के लिए पहचाने जाने वाले कल्याण बनर्जी धार्मिक आयोजनों में अक्सर अपनी राजनीतिक छवि को पीछे छोड़ देते हैं.
वे हर साल दुर्गा पूजा और बांकुरा के अपने पैतृक घर की काली पूजा में इसी तरह भावुक नजर आते हैं. पहले वे श्रीरामपुर रेलवे स्टेशन के पास आरएमएस मैदान की पूजा से जुड़े रहते थे, लेकिन अब स्थानीय राजनीतिक समीकरण बदलने के बाद वे अपने आवास परिसर में ही पूजा में शामिल हो रहे हैं. महाष्टमी-महानवमी के संधि काल में पूरा समाज के कल्याण की कामना करते हुए सांसद का यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. लोग इसे देखकर उनकी गहरी आस्था की तारीफ कर रहे हैं.