लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बड़ा ऐलान कर दिया है. सपा चीफ 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के मौके पर पीडीए (पिछड़ा-दलित-अल्पसंख्यक) का प्रणपत्र यानी घोषणापत्र जारी करेंगे.
अखिलेश यादव ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्टर शेयर करते हुए लिखा, ''सत्ताईस का संकल्प : पीडीए का प्रणपत्र. संविधान दिवस 26 नवंबर 2026 के लोकतांत्रिक पावन अवसर पर हम जारी करेंगे जन-मन का मैनिफेस्टो.'' सपा अध्यक्ष ने इसे जन-मन का मैनिफेस्टो बताया है. यूपी विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, ऐसे में पार्टी इस घोषणापत्र के जरिए अपनी रणनीति और वादों को जनता के सामने रखने की तैयारी में है.
कन्नौज में खाली कुर्सियों का पड़ा असर
इस ऐलान से पहले कन्नौज में रविवार को हुए पीडीए सम्मेलन में भीड़ न जुटने पर पार्टी में नाराजगी छा गई. प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल की मौजूदगी में खाली कुर्सियां सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं. इसके बाद पार्टी ने कन्नौज के जिलाध्यक्ष कलीम खान को हटाने और पूरी जिला कार्यकारिणी व फ्रंटल संगठनों को भंग करने का निर्देश जारी किया.
भाजपा पर फर्जी वोट का आरोप
अखिलेश यादव ने रविवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा पर आरोप लगाया कि वह फर्जी वोट बनवाने की साजिश कर रही है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने बूथों पर सतर्क रहने की अपील की. अब निगाहें 26 नवंबर पर टिकी हैं. देखना होगा कि सपा अपने पीडीए प्रणपत्र में किन मुद्दों को प्राथमिकता देती है और जनता के सामने कौन से बड़े वादे रखती है.