नई दिल्ली: दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेताओं अशुतोष रांका और सौरव दास की मुश्किलें बढ़ गई हैं. विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने सोमवार को दोनों नेताओं की न्यायिक हिरासत दो दिन के लिए और बढ़ा दी. दोनों को जंतर-मंतर पर कथित तौर पर बिना अनुमति प्रवेश करने और प्रदर्शन करने के मामले में हिरासत में लिया गया था.
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, CJP की कानूनी टीम ने दोनों नेताओं की रिहाई के लिए आवेदन दिया था और जमानतदारों से जुड़े दस्तावेज भी रिकॉर्ड पर पेश किए थे. हालांकि, सोमवार को हुई सुनवाई के बाद भी दोनों को राहत नहीं मिली. अब मामले की अगली सुनवाई 21 अक्टूबर को निर्धारित है.
पुलिस के मुताबिक, जंतर-मंतर को आधिकारिक प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाए जाने के बाद वहां प्रवेश पर प्रतिबंध था. आरोप है कि 13 अक्टूबर को अशुतोष रांका और सौरव दास ने बंद गेट और बैरिकेड पार कर परिसर में प्रवेश किया. इसके बाद दोनों को हिरासत में लिया गया और 14 अक्टूबर को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया.
पुलिस ने पहले दोनों नेताओं के आचरण और शांति बनाए रखने से जुड़े बांड की कथित अवहेलना का हवाला देते हुए कार्रवाई की थी. अधिकारियों ने आशंका जताई थी कि रिहाई के बाद वे दोबारा प्रदर्शन कर सकते हैं और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है. वहीं, CJP की ओर से हिरासत और रिहाई की कार्यवाही में देरी को लेकर सवाल उठाए गए हैं.
फिलहाल, न्यायिक हिरासत दो दिन बढ़ने के बाद दोनों नेताओं को जेल में ही रहना होगा. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और अगली सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं.