'आतंकवादी गाड़ी निकाल यहां से'... करनाल में दिल्ली-श्रीनगर बस पर पथराव: शीशे तोड़े, बुजुर्ग घायल; उमर अब्दुल्ला बोले- बर्दाश्त नहीं, 2 गिरफ्तार

Rahul Jadaun 18 Oct 2026 05:46 PM 2 Mins
'आतंकवादी गाड़ी निकाल यहां से'... करनाल में दिल्ली-श्रीनगर बस पर पथराव: शीशे तोड़े, बुजुर्ग घायल; उमर अब्दुल्ला बोले- बर्दाश्त नहीं, 2 गिरफ्तार

करनाल: दिल्ली से श्रीनगर जा रही एक निजी स्लीपर बस पर हरियाणा के करनाल जिले में देर रात हमला और पथराव किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमले में बस के शीशे चकनाचूर हो गए और अंदर बैठे एक बुजुर्ग मुसाफिर को गंभीर चोटें आईं। बस के चालक ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने जम्मू-कश्मीर की नंबर प्लेट देखकर आपत्ति जताई और 'आतंकवादी गाड़ी' कहकर गाली-गलौज व मारपीट की। मामले में संज्ञान लेते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनकी कार जब्त कर ली है।

ढाबे के बाहर विवाद और पथराव

यह वारदात 17 अक्टूबर की देर रात नीलोखेड़ी स्थित 'डिवाइन स्टार' ढाबे के सामने घटी। बस चालक वकार के मुताबिक, करीब 35 यात्रियों को लेकर जा रही बस खाना खाने के लिए ढाबे पर रुकी थी। ढाबे के सामने पहले से हरियाणा नंबर की एक बलेनो कार खड़ी थी।

ड्राइवर का दावा है कि कार सवार युवकों ने अचानक गाली-गलौज करते हुए चिल्लाना शुरू किया—"आतंकवादी गाड़ी निकाल यहां से"। विरोध करने पर युवकों ने लाठी-ईंटों से हमला कर बस का अगला शीशा और खिड़कियां तोड़ दीं तथा नंबर प्लेट को नुकसान पहुंचाया। चालक ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावरों ने बस को आग लगाने और गोली मारने की धमकियां दीं।

पुलिस की जांच: पार्किंग को लेकर था विवाद

दूसरी तरफ, पुलिस का कहना है कि यह मामला नफरत या क्षेत्रवाद से प्रेरित न होकर विशुद्ध रूप से शराब के नशे में पार्किंग और रास्ता देने को लेकर हुआ विवाद है। बुटाना थाना प्रभारी विपिन कुमार के अनुसार, कार सवार युवकों और बस के एक यात्री के बीच कहासुनी हुई थी। दोनों पक्षों के नशे में होने के कारण विवाद बढ़ गया और कार सवार युवकों ने पास में पड़ी ईंटों से बस पर पथराव कर दिया।

ढाबे के मैनेजर की तहरीर पर बुटाना थाने में त्वरित कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने करनाल निवासी दोनों आरोपियों—मोहित और सावन को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल की गई बलेनो कार को जब्त कर लिया है।

उमर अब्दुल्ला ने जताया रोष, हरियाणा सरकार ने दिया सख्त कार्रवाई का भरोसा

इस घटना पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि हरियाणा सरकार और पुलिस दोषियों के खिलाफ ऐसी नजीर पेश करेगी जिससे भविष्य में कश्मीरी नागरिकों और वाहनों के साथ ऐसी हरकत न हो।

वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ने इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि करनाल पुलिस को निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने दोहराया कि हरियाणा की धरती पर किसी भी नागरिक या कश्मीरी भाई-बहन को डराने, धमकाने या परेशान करने की इजाजत कतई नहीं दी जाएगी।

#Karnal #Haryana #DelhiSrinagarBus #OmarAbdullah #HaryanaPolice #CrimeNews #BreakingNews

Recent News