मुंबई: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर शनिवार को चौंकाने वाला हमला हुआ. जुहू के पुष्पा पार्क इलाके के पास तीन बाइक सवार हमलावरों ने एक्टर की गाड़ी पर फायरिंग कर दी. इस घटना में उनके ड्राइवर और एक फैन के घायल होने की खबर सामने आई है. पुलिस ने पुष्टि की है कि टाइगर श्रॉफ सुरक्षित हैं.
बताया जा रहा है कि टाइगर श्रॉफ फुटबॉल खेलने के लिए पुष्पा पार्क के पास मौजूद थे. तभी बाइक पर सवार तीन लोग वहां पहुंचे और एक्टर की कार पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं. रिपोर्ट के मुताबिक हमलावरों ने करीब पांच राउंड फायरिंग की. इस दौरान घटनास्थल पर मौजूद एक ऑटो चालक को भी गोली लगने की खबर है.
गोलियों की आवाज सुनते ही इलाके में अफरातफरी मच गई. मौके पर एंबुलेंस पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया. घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें कार दिख रही है और बैकग्राउंड में गोलियों की आवाज साफ सुनाई दे रही है.
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने बताया कि टाइगर श्रॉफ हमले में सुरक्षित हैं और मामले की जांच चल रही है. अभी तक हमले का मकसद स्पष्ट नहीं हो पाया है. किसी संगठन या व्यक्ति ने इसकी जिम्मेदारी भी नहीं ली है. आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है.
बॉलीवुड में सेलेब्रिटीज पर हमले की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले सलमान खान और रोहित शेट्टी के घर पर भी फायरिंग हो चुकी है. कई सेलेब्रिटीज को जान से मारने की धमकियां भी मिल चुकी हैं. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.