सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक चौंकाने वाला और अनोखा मामला सामने आया है. करीब 17 साल पुराने वैवाहिक रिश्ते का अंत इस तरह हुआ कि क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया. पति ने खुद अपनी पत्नी की दूसरे युवक के साथ मंदिर में शादी करवाई और फिर हंसते-हंसते दोनों को दिल्ली के लिए विदा कर दिया.
मिश्रिख क्षेत्र के एक युवक की शादी 12 मार्च 2009 को हुई थी. दंपती के दो बेटे हैं, बड़ा 16 साल का और छोटा 14 साल का. पति निजी नौकरी करके परिवार का खर्च चलाते थे. करीब 22 दिन पहले पत्नी अचानक घर से गायब हो गई. काफी खोजबीन के बाद भी पता न चलने पर पति ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई.
बाद में पता चला कि महिला की फेसबुक के जरिए अंबेडकरनगर निवासी राहुल कुमार उपाध्याय से जान-पहचान हुई थी. धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. 22 दिन बाद जब महिला घर लौटी तो उसने पति से साफ कह दिया कि वह अब राहुल के साथ रहना चाहती है.
पत्नी की बात सुनते ही पति ने फैसला लिया. शनिवार शाम मिश्रिख तहसील परिसर में जरूरी कागजी कार्रवाई करवाई गई. इसके बाद हनुमान मंदिर के सामने महिला और राहुल ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाई. इस पूरे कार्यक्रम में पति खुद मौजूद रहे. शादी के बाद उन्होंने अपनी पत्नी को गाड़ी में बैठाकर प्रेमी के साथ दिल्ली के लिए रवाना कर दिया.
पति का कहना है कि अब उनका पत्नी से कोई लेना-देना नहीं है. उन्होंने दोनों के खुशहाल जीवन की कामना की. इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. 17 साल के रिश्ते का इस तरह खत्म होना स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है.