केरल की अरुंधति का सीएम योगी को भावुक पत्र! शादी में आने का न्योता, कहा- आप मेरे बड़े भाई

Amanat Ansari 17 Oct 2026 09:39 PM 1 Mins
केरल की अरुंधति का सीएम योगी को भावुक पत्र! शादी में आने का न्योता, कहा- आप मेरे बड़े भाई

लखनऊ: केरल की अरुंधति ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हाथ से लिखा दो पन्नों का भावुक पत्र भेजा है. इसमें उन्होंने सीएम योगी को अपना बड़ा भाई बताते हुए 20 दिसंबर 2026 को होने वाले विवाह समारोह में शामिल होकर आशीर्वाद देने का आग्रह किया है.

पत्र में क्या लिखा?

अरुंधति ने लिखा, “मेरे लिए आप एक नेता से कहीं बढ़कर हैं. मैंने आपको हमेशा एक बड़े भाई की तरह देखा है, जिसकी यात्रा ने मुझे हिम्मत और प्रेरणा दी है.” उन्होंने कहा कि अगर मुख्यमंत्री का समारोह में पहुंचना संभव न हो, तो उनका शुभकामना संदेश भी उनके लिए बेहद अनमोल होगा. विवाह 20 दिसंबर को केरल के अलुवा स्थित ग्रीन पार्क कन्वेंशन सेंटर में अरुंधति और राहुल के बीच होना है.

बचपन की प्रेरणा

अरुंधति ने पत्र में बचपन की याद ताजा की. छोटी-छोटी बातों पर भावुक होकर रो पड़ना उन्हें अपनी कमजोरी लगने लगा था. दोस्त कहते थे कि मजबूत बनने के लिए भावनाओं पर काबू रखना जरूरी है. तभी उनके चचेरे भाई ने योगी आदित्यनाथ का एक वीडियो दिखाया, जिसमें वे भावुक नजर आ रहे थे. भाई ने समझाया कि योगी की तरह भावुक होने के बावजूद मजबूत बना जा सकता है.

इस अनुभव ने अरुंधति का नजरिया बदल दिया. उन्होंने समझा कि आंसू कमजोरी नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना हैं. असली साहस मुश्किलों का सामना करते हुए खुद पर भरोसा बनाए रखने में है. पत्र में उन्होंने लिखा, “जब भी मैं खुद पर संदेह करती हूं, आपसे मुझे आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है.” यह पत्र सोशल मीडिया और मीडिया में चर्चा का विषय बन गया है. अरुंधति की यह भावुक अपील सीएम योगी की लोकप्रियता और उनके व्यक्तित्व के प्रभाव को दर्शाती है.

Recent News