'मेरा बेटा जेहादी ग्रुप से जुड़ा हो सकता है...' सलीम वास्तिक ने परिवार पर जताया शक

Amanat Ansari 17 Oct 2026 07:55 PM 1 Mins
'मेरा बेटा जेहादी ग्रुप से जुड़ा हो सकता है...' सलीम वास्तिक ने परिवार पर जताया शक

नई दिल्ली: यूट्यूबर और पूर्व मुस्लिम सलीम वास्तिक का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इसमें उन्होंने अपने ही परिवार और बेटे पर गंभीर शक जताया है. उन्होंने दावा किया कि उनका परिवार उन्हें छोड़ चुका है और बेटा कट्टरपंथी/जेहादी ग्रुप से जुड़ा हो सकता है. सलीम ने कहा कि उन्होंने सारी बातें इंटेलिजेंस पुलिस को बता दी हैं.

सलीम वास्तिक ने वीडियो में कहा, ''मेरे जीवन में भारी उथल-पुथल चल रही है. परिवार ने मुझे छोड़ दिया है. शक है कि मेरा बेटा जेहादियों के सोशल मीडिया ग्रुप से जुड़ा है. ये मुसलमान हैं तो काफिर की रकम और प्रॉपर्टी क्यों चाहिए? यह तो हराम है. इस्लाम के लिए ये अपने बाप तक का कत्ल कर सकते हैं.''

उन्होंने बताया कि बीते 4 साल से वे अपनी दुकान में अकेले सोते थे. परिवार के नाता तोड़ने पर उन्हें लगा कि समाज के डर से ऐसा किया गया. उन्होंने पत्नी और बच्चों पर कोई दबाव नहीं डाला, बल्कि उनका सारा खर्च उठाया.

अस्पताल में बेटे से झगड़ा

सलीम ने दावा किया कि उन पर हमला हुआ. अस्पताल में होश आने पर देखा कि उनका बेटा उस्मान ही उनसे लड़ रहा है और कह रहा है कि ''इस्लाम के खिलाफ बोलते हो, हमारा जीना मुश्किल कर दिया.'' बेटा अस्पताल में 4 बार लड़ा. बेटे ने बताया कि ‘अल मेंहदी ग्रुप’ नाम के एक कट्टरपंथी ग्रुप से मैसेज आया था जिसमें कहा गया कि ''हमने सलीम को मार दिया है, जल्द उसकी मौत की खबर आ जाएगी.'' बाद में ग्रुप डिलीट हो गया.

फंडिंग का शक

सलीम ने बेटे का फोन चेक करने पर एक से डेढ़ लाख रुपये तक के ट्रांजेक्शन पाए. पूछने पर बेटे ने बहाना बनाया और फोन छीन लिया. उन्होंने कहा कि पत्नी और बेटे अस्पताल में कह रहे थे कि ''अच्छा होता इसकी आवाज ही चली जाती.''

सलीम ने कहा कि वे कट्टरपंथ के खिलाफ काम करते रहे, लेकिन अब टूट चुके हैं. उन्होंने इंटेलिजेंस पुलिस को सारी जानकारी दे दी है और कहा कि अब पुलिस जांच करे. ''मुझे ऐसा परिवार नहीं चाहिए जो जेहादियों से जुड़े हों.'' यह वीडियो उनके परिवारिक विवाद और कट्टरपंथ के खिलाफ उनके रुख के बीच वायरल हो रहा है. पुलिस जांच की प्रतीक्षा है.

Recent News