कंगना रनौत ने नेहा सिंह राठौर का किया जोरदार समर्थन! बोलीं- टीआरपी के लिए महिला को बदनाम करना बेहद घटिया बात

Amanat Ansari 18 Oct 2026 10:15 PM 1 Mins
कंगना रनौत ने नेहा सिंह राठौर का किया जोरदार समर्थन! बोलीं- टीआरपी के लिए महिला को बदनाम करना बेहद घटिया बात

नई दिल्ली: बीजेपी सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत ने लोक गायिका नेहा सिंह राठौर के समर्थन में आवाज उठाई है. हाल ही में एक न्यूज चैनल द्वारा नेहा के खिलाफ चलाई गई भ्रामक और आपत्तिजनक खबर को लेकर कंगना ने साफ कहा कि टीआरपी के लिए किसी भी महिला को बेबुनियाद बदनाम करना बेहद घटिया बात है.

क्या था पूरा मामला?

एक न्यूज चैनल ने खबर प्रसारित की थी कि नेहा सिंह राठौर जिस हॉस्टल में रहती थीं, वहां सेक्स रैकेट चल रहा था और पुलिस ने छापा मारा है. इस खबर में नेहा की तस्वीर का भी इस्तेमाल किया गया. इस झूठी और भ्रामक खबर से नाराज नेहा ने चैनल के खिलाफ मुहिम छेड़ दी और सोशल मीडिया पर कंगना रनौत को टैग करते हुए समर्थन मांगा.

नेहा ने पोस्ट में लिखा था, “डियर कंगना रनौत, आपकी तरह मैं भी इस देश की बेटी हूँ. हालाँकि हमारी विचारधारा में फर्क है, लेकिन ये फर्क हम दोनों के महिला होने के साझे सच को नहीं बदल सकता. न्यूज चैनल ने जानबूझकर मेरे खिलाफ फेक न्यूज चलाई और मुझे बदनाम किया. क्या आपको इस बदमाशी पर कुछ नहीं कहना है?”

कंगना का जवाब

कंगना रनौत ने नेहा के पोस्ट का जवाब देते हुए कहा, “नेहा, आपके राजनीतिक विचार और समय-समय पर दिए गए बयान मेरे राजनीतिक विचारों के विरुद्ध और मेरे लिए अस्वीकार्य हैं, किंतु किसी भी महिला को टीआरपी के लिए बेबुनियाद बदनाम करना बेहद घटिया बात है. न्यूज चैनल के हेड को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए.”

इस समर्थन से नेहा सिंह राठौर को काफी बल मिला है. राजनीतिक मतभेदों के बावजूद महिला सम्मान के मुद्दे पर कंगना का यह रुख सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है.

Recent News