कर्नाटक महिला कांग्रेस अध्यक्ष सौम्या रेड्डी का इस्तीफा, कैबिनेट में महिला मंत्री न होने पर जताई चिंता

Amanat Ansari 17 Oct 2026 07:14 PM 1 Mins
कर्नाटक महिला कांग्रेस अध्यक्ष सौम्या रेड्डी का इस्तीफा, कैबिनेट में महिला मंत्री न होने पर जताई चिंता

बेंगलुरु: कर्नाटक प्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सौम्या रेड्डी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष अलका लांबा को पत्र लिखकर इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया. पत्र में उन्होंने कहा कि उन्होंने यह जिम्मेदारी दो साल के लिए स्वीकार की थी और अब वह अवधि पूरी हो चुकी है.

सौम्या रेड्डी ने अपने कार्यकाल को सम्मान और खुशी का अनुभव बताया. उन्होंने पूरे कर्नाटक का दौरा कर महिलाओं से स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक मुद्दों पर बातचीत की. उन्होंने कांग्रेस की पांच गारंटी योजनाओं का महिलाओं पर पड़ने वाले प्रभाव को जमीन पर देखा और महिलाओं को पार्टी से जोड़ने का काम किया.

पत्र में उन्होंने एक अहम मुद्दा भी उठाया. उन्होंने लिखा कि कर्नाटक की राज्य सरकार में अब तक एक भी महिला मंत्री नहीं है. उन्होंने अलका लांबा से अनुरोध किया कि इस बात को कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के ध्यान में लाया जाए.

सौम्या रेड्डी ने स्पष्ट किया कि पद छोड़ने के बावजूद वे कांग्रेस की विचारधारा और कार्यक्रमों के साथ बनी रहेंगी. उन्होंने कहा कि 2028 और 2029 के चुनावों में पार्टी के लिए समर्पित कार्यकर्ता के रूप में काम करती रहेंगी. नई अध्यक्ष की नियुक्ति होने तक वे अपनी जिम्मेदारी निभाती रहेंगी. उन्होंने पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का आभार भी जताया.

Recent News