‘पूरा आंदोलन एलन मस्क के इशारे पर...’ CJP के ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च पर बृजभूषण सिंह का बड़ा आरोप

Amanat Ansari 16 Oct 2026 02:48 PM 1 Mins
‘पूरा आंदोलन एलन मस्क के इशारे पर...’ CJP के ‘लहरा दो तिरंगा’ मार्च पर बृजभूषण सिंह का बड़ा आरोप

नई दिल्ली/उन्नाव: भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के ‘लहरा दो तिरंगा’ प्रदर्शन को लेकर बड़ा आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि यह पूरा आंदोलन एलन मस्क के इशारे पर चलाया जा रहा है और यह देश के खिलाफ एक बड़ी साजिश है. उन्नाव में बृजभूषण सिंह ने कहा, “यह पूरा आंदोलन उनके (एलन मस्क) के इशारे पर ऑर्केस्ट्रेट किया जा रहा है. यह हमारे राष्ट्र के खिलाफ एक विशाल साजिश है.”

उन्होंने आरोप लगाया कि भारत की तुलना बांग्लादेश और पाकिस्तान से की जा रही है तथा यह मार्च सुप्रीम कोर्ट को डराने के इरादे से निकाला जा रहा है. हालांकि उन्होंने अपने आरोपों के पक्ष में कोई सबूत पेश नहीं किया. CJP ने शुक्रवार शाम 5 बजे दिल्ली के कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में तिरंगा मार्च का आह्वान किया है. मुंबई इकाई को आजाद मैदान में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रदर्शन की पुलिस अनुमति मिल चुकी है.

यह प्रदर्शन CJP के सह-संयोजक आशुतोष रांका और सौरव दास की गिरफ्तारी के बाद हो रहा है. दोनों जंतर मंतर पहुंचने के बाद गिरफ्तार हुए थे और विशेष कार्यकारी मजिस्ट्रेट ने उन्हें पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था. CJP संस्थापक अभिजीत दीपके ने नागरिकों से दिल्ली मार्च में शामिल होने की अपील की है और कहा है कि तिरंगा लहराना लोकतांत्रिक अधिकार है. अन्य शहरों में भी समानांतर तिरंगा मार्च का आह्वान किया गया है.  

मुंबई में CJP प्रभारी प्रणय अहिरे ने इंस्टाग्राम वीडियो में कहा कि वे यह दिखाना चाहते हैं कि वे असली देशभक्त हैं, न कि सरकार जैसे नकली देशभक्त. उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुमति सिर्फ एक दिन के प्रदर्शन की है और अनिश्चितकालीन धरने की कोई पुष्टि नहीं की जा सकती. दिल्ली पुलिस सूत्रों के अनुसार कनॉट प्लेस और जंतर मंतर के आसपास कई कंपनियां अर्धसैनिक बल तैनात किए जाएंगे. रणनीतिक जगहों पर बैरिकेडिंग की जाएगी.

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि कनॉट प्लेस और जंतर मंतर अब निर्धारित प्रदर्शन स्थल नहीं हैं. अनुमति लेकर रामलीला मैदान, बुराड़ी ग्राउंड या सीबीडी ग्राउंड में प्रदर्शन किया जा सकता है. बृजभूषण सिंह के आरोपों ने CJP के तिरंगा मार्च को लेकर राजनीतिक विवाद को और तेज कर दिया है.

Recent News