अंकिता भंडारी केस: राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को लिखा खत, बोले- दुष्यंत गौतम को न दें पदभार; जांच पूरी होने तक रोकें नियुक्ति

Amanat Ansari 15 Oct 2026 07:32 PM 1 Mins
अंकिता भंडारी केस: राहुल गांधी ने राष्ट्रपति को लिखा खत, बोले- दुष्यंत गौतम को न दें पदभार; जांच पूरी होने तक रोकें नियुक्ति

नई दिल्ली: नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अंकिता भंडारी मर्डर केस को लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखा है. उन्होंने अपील की है कि भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाने की नियुक्ति पर पुनर्विचार किया जाए और जांच पूरी होने तक उन्हें पदभार न सौंपा जाए.

राहुल गांधी ने पत्र में लिखा, “अंकिता भंडारी 19 साल की थी, जब सितंबर 2022 में उसकी हत्या कर दी गई. इस मामले में भाजपा नेता का बेटा पुलकित आर्या ने उसे किसी VIP मेहमान के लिए ‘स्पेशल सर्विस’ देने को कहा था. जब अंकिता ने इनकार कर दिया तो पुलकित और उसके साथियों ने उसकी हत्या कर दी. ये तीनों अभी उम्रकैद की सजा काट रहे हैं. लेकिन चार साल से यही सवाल है कि आखिर वह VIP कौन था?”

उन्होंने जोर देकर कहा कि इस मामले में कई लोगों को दुष्यंत गौतम पर शक है. अगर वे राज्यपाल बन जाते हैं तो उन पर कार्रवाई मुश्किल हो सकती है. इसलिए जांच पूरी होने तक उन्हें पदभार न दिया जाए. केंद्र सरकार ने हाल में दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त करने का ऐलान किया था. इसके बाद अंकिता भंडारी के माता-पिता इंडिया गेट पर धरने पर बैठ गए. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी वहां पहुंचे और परिवार का समर्थन किया.

उत्तराखंड की अंकिता भंडारी मर्डर केस की सीबीआई जांच अभी भी जारी है. परिवार का आरोप है कि इस मामले में एक VIP का नाम जुड़ा है, लेकिन अभी तक जांच रिपोर्ट्स में दुष्यंत गौतम के खिलाफ कोई ठोस सबूत सामने नहीं आया है. गौतम ने आरोपों से इनकार किया है. राहुल गांधी ने राष्ट्रपति से सरकार को सलाह देने की अपील की है कि नियुक्ति पर दोबारा विचार किया जाए. अब देखना यह है कि राष्ट्रपति इस पत्र पर क्या रुख अपनाती हैं.

Recent News