बृजभूषण शरण सिंह के करीबी BJP नेता बेटों संग हुए सपाई, अखिलेश यादव ने खुद दिलाई सदस्यता

Amanat Ansari 15 Oct 2026 04:46 PM 1 Mins
बृजभूषण शरण सिंह के करीबी BJP नेता बेटों संग हुए सपाई, अखिलेश यादव ने खुद दिलाई सदस्यता

गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिला है. बृजभूषण शरण सिंह के करीबी माने जाने वाले भाजपा नेता भवानी भीख शुक्ला अपने पांचों बेटों के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने खुद उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई.

कटरा बाजार ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि और जिला पंचायत सदस्य भवानी भीख शुक्ला ने अपने बेटों श्रीभगवान शुक्ला, कृष्ण भगवान शुक्ला, शिव भगवान शुक्ला, विष्णु भगवान शुक्ला और शंकर भगवान शुक्ला के साथ सपा की साइकिल पर सवारी की. बुधवार को कृष्ण भगवान शुक्ला ने सोशल मीडिया पर अखिलेश यादव के साथ पिता और चार भाइयों की तस्वीर पोस्ट कर इस खबर की पुष्टि की.

गौरतलब है कि इस परिवार के सपा में जाने की नींव करीब एक साल पहले ही पड़ चुकी थी. उस समय ब्लॉक परिसर में मौजूदा विधायक के समर्थकों और ब्लॉक प्रमुख के परिवार के बीच जमकर मारपीट हो गई थी. विष्णु भगवान शुक्ला, जो संघ के पदाधिकारी भी रह चुके हैं, के सिर में गंभीर चोटें आई थीं और वे करीब एक हफ्ते तक मेडिकल कॉलेज में भर्ती रहे.

मामले में कोई मुकदमा दर्ज नहीं हुआ और प्रदेश स्तर के एक बड़े पदाधिकारी के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्ष शांत हुए थे. अब भवानी भीख शुक्ला परिवार का भाजपा छोड़कर सपा में जाना स्थानीय राजनीति में चर्चा का विषय बन गया है. यह घटना बृजभूषण शरण सिंह के प्रभाव वाले क्षेत्र में सपा के लिए एक महत्वपूर्ण बढ़त मानी जा रही है.

Recent News