नई दिल्ली: पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने अपने वार्षिक विजयादशमी समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है. यह कार्यक्रम 20 अक्टूबर को नागपुर के रेशिमबाग मैदान में आयोजित होगा. इस साल का यह उत्सव RSS के शताब्दी वर्ष के समापन का भी प्रतीक है. RSS के अनुसार, धनखड़ को मेहमान के तौर पर बुलाया गया है.
मुख्य अतिथि दैनिक जागरण के एडिटर-इन-चीफ संजय गुप्ता होंगे, जबकि संघ प्रमुख मोहन भागवत सभा को संबोधित करेंगे. साथ ही मध्य-पश्चिम भारत क्षेत्र के लिए इजराइल के महावाणिज्य दूत यानिव रेवाच भी आमंत्रित हैं. इस निमंत्रण पर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर तंज कसा है.
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा कि 21 जुलाई 2025 को प्रधानमंत्री और गृह मंत्री ने कुछ ही मिनटों में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा जबरदस्ती ले लिया था, जिन्हें उन्होंने तीन साल पहले चुना था. उपराष्ट्रपति किसानों की मांगों की लगातार अनदेखी के आलोचक थे. प्रधानमंत्री-गृह मंत्री इतने छोटे दिल के हैं कि धनखड़ को अब तक वह घर भी नहीं आवंटित किया गया है, जिसके वे हकदार हैं.
रमेश ने आगे कहा कि अब RSS ने पूर्व उपराष्ट्रपति को 20 अक्टूबर को नागपुर में अपने वार्षिक विजयादशमी समारोह में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया है. साफ है कि इकोसिस्टम खुद से ही लड़ रहा है और बिखर रहा है. याद रहे कि जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई 2025 को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति और राज्यसभा अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था.
उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को पत्र लिखकर कहा था कि मेडिकल सलाह के अनुसार स्वास्थ्य देखभाल को प्राथमिकता देते हुए वे संविधान के अनुच्छेद 67(ए) के तहत तुरंत इस्तीफा दे रहे हैं. कांग्रेस ने इस निमंत्रण को सरकार की कथित उदासीनता और धनखड़ के आवास आवंटन के लंबित मामले से जोड़कर केंद्र पर निशाना साधा है.