पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने लॉन्च की ‘जननीति भारत’ पार्टी, 2027 यूपी चुनाव में जनता को सत्ता का मालिक बनाएंगी

Amanat Ansari 15 Oct 2026 03:00 PM 1 Mins
पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने लॉन्च की ‘जननीति भारत’ पार्टी, 2027 यूपी चुनाव में जनता को सत्ता का मालिक बनाएंगी

नई दिल्ली/लखनऊ: पूर्व आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने गुरुवार को अपनी नई राजनीतिक पार्टी ‘जननीति भारत’ (Janniti/Jan Neeti Bharat) का आधिकारिक ऐलान कर दिया. उन्होंने स्पष्ट कहा कि पार्टी 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेगी. एक्स पर पोस्ट किए गए लगभग आठ मिनट के वीडियो संदेश में दिव्या मित्तल ने कहा, “आप पूछेंगे, क्या पार्टियों की कमी है? कमी पार्टियों की नहीं, सुनने की है. राजनीति आप पर राज करती है. जननीति में आप राज करेंगे.” उन्होंने जोर दिया कि पार्टी का मकसद सिर्फ चुनाव के दिन नहीं, बल्कि पूरे पांच साल सरकार को जनता के हिसाब से चलाना है.  

पार्टी के तीन बड़े वादे

  • जन से नीति, नीति से भारत: नीतियां जनता की जरूरत के आधार पर बनेंगी. किसान, छोटे व्यापारी और आम लोग खुद अपनी समस्या बताएंगे, विशेषज्ञ समाधान निकालेंगे.  
  • जरूरत से फैसला, फैसले में बराबरी: जाति, धर्म या हैसियत नहीं, बल्कि जरूरत के आधार पर फैसले होंगे. सड़क, स्कूल, अस्पताल जैसी योजनाओं में हर नागरिक की भागीदारी रहेगी.  
  • जनता को हिसाब, हिसाब से सुधार: हर काम मोबाइल ऐप और मैप पर दिखेगा. नाली, सड़क, हैंडपंप, स्कूल-अस्पताल की स्थिति जनता खुद चेक कर सकेगी और फीडबैक देगी. महिलाओं की सुरक्षा के लिए भी ऐप के जरिए असुरक्षित जगहों को चिह्नित करने का प्रस्ताव रखा गया.

दिव्या मित्तल 2013 बैच की आईएएस अधिकारी थीं. उन्होंने 30 अगस्त 2026 को 13 साल की सेवा के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ली थी. इससे पहले वे मीरजापुर, देवरिया और संत कबीर नगर की जिलाधिकारी रह चुकी हैं. आईआईटी दिल्ली और आईआईएम बैंगलोर की अलुम्ना दिव्या मित्तल ने सितंबर में ही राजनीति में आने की घोषणा कर दी थी और स्पष्ट कर दिया था कि वे किसी मौजूदा पार्टी में शामिल नहीं होंगी.  

कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा जा रहा है कि वे मीरजापुर सदर सीट से चुनाव लड़ सकती हैं, जहां वे पहले डीएम रह चुकी हैं. जननीति भारत के लॉन्च के साथ दिव्या मित्तल ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया और अलग स्वर जोड़ दिया है. अब देखना यह होगा कि जनता की भागीदारी और पारदर्शिता का उनका मॉडल कितना असर छोड़ता है.

Divya Mittal Janniti Bharat Party Uttar Pradesh elections 2027 Indian politics

Recent News