'हां, हम रेजीम चेंज कराना चाहते हैं… यह इसी की लड़ाई है...' प्रशांत भूषण का केंद्र पर तीखा हमला

Amanat Ansari 15 Oct 2026 05:17 PM 1 Mins
'हां, हम रेजीम चेंज कराना चाहते हैं… यह इसी की लड़ाई है...' प्रशांत भूषण का केंद्र पर तीखा हमला

नई दिल्ली: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच गुरुवार को राजधानी में एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई. इसमें सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील प्रशांत भूषण, अभिनेता प्रकाश राज, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके, AISA नेता नेहा बोरा समेत कई लोगों ने हिस्सा लिया.

इस दौरान प्रशांत भूषण ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए साफ कहा, “हां, हम लोग रेजीम चेंज कराना चाहते हैं. यह इसी की लड़ाई है.” उन्होंने कहा कि अगर सरकार को लगता है कि यह सत्ता परिवर्तन का आंदोलन है, तो इसमें कोई गलती नहीं है. रेजीम चेंज कराना हर नागरिक का लोकतांत्रिक अधिकार है.

भूषण ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुई कार्रवाई का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों पर बर्बरता दिखाई. पत्रकारों को भी पीटा गया. उन्होंने कहा, “ये लोग सोचते थे कि बर्बरता से आंदोलन खत्म कर देंगे और लोगों को डरा देंगे, लेकिन उल्टा असर हो रहा है. जितना दबाया जा रहा है, उतने ही लोग सड़कों पर आ रहे हैं.”

उन्होंने 12 अक्टूबर को तिरंगा फहराने गए सौरव दास और आशुतोष रांका को हिरासत में लिए जाने का भी जिक्र किया. वहीं कनॉट प्लेस में मारपीट करने वालों को जल्दी छोड़ दिए जाने पर सवाल उठाया और इसे ‘गुंडाराज’ बताया.

प्रशांत भूषण ने आगे कहा, “यह तानाशाह सरकार हमारे लोकतांत्रिक अधिकारों और चुनावी लोकतंत्र को कुचल रही है. अब यह लड़ाई छात्रों की अगुवाई में लड़ी जाएगी. सिविल सोसाइटी और राजनीतिक दल उनके साथ खड़े होंगे. हम लोकतंत्र बचाने और सरकार बदलने के लिए यह लड़ाई लड़कर रहेंगे.”

उन्होंने स्पष्ट किया कि पहले वे सिर्फ चुनावी व्यवस्था ठीक करने की मांग कर रहे थे, लेकिन सरकार की बर्बरता के चलते अब यह सीधे रेजीम चेंज की लड़ाई बन गई है.

Recent News