नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो बनाने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. बौनापुर निवासी पल्लवी शुक्ला ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर अखिलेश यादव को गाली-गलौज की थी, जिसके बाद सपा नेता की शिकायत पर कौड़िया पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की.
सपा के कटरा बाजार विधानसभा अध्यक्ष वकार खां ने पुलिस को शिकायती पत्र दिया, जिसमें आरोप लगाया गया कि पल्लवी शुक्ला ने फेसबुक पर अखिलेश यादव के खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया और उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया.
थानाध्यक्ष शशि राणा ने बताया कि विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है. मामले की जांच चल रही है. पल्लवी शुक्ला यूट्यूबर और फेसबुक ब्लॉगर हैं, जिनके हजारों फॉलोअर्स हैं.
वीडियो में उन्होंने अखिलेश यादव और सांसद चंद्रशेखर आजाद को लेकर अभद्र टिप्पणी की थी. उन्होंने कहा कि वे यादव समुदाय का समर्थन नहीं करतीं क्योंकि वे ब्राह्मण हैं और उनकी सरकार में लड़कियों की सुरक्षा नहीं थी. इससे पहले भी पल्लवी नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद के खिलाफ अभद्र टिप्पणी कर चुकी हैं.