झांसी (उत्तर प्रदेश): अभिनेत्री राखी सावंत के खिलाफ उत्तर प्रदेश की एक अदालत ने गैर-जमानती गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया है. यह मामला 2010 में हुई एक आत्महत्या से जुड़ा है. राखी कई बार बुलाए जाने के बावजूद अदालत में पेश नहीं हुईं, इसलिए सिविल जज (जूनियर डिवीजन) अंजलि ने शुक्रवार को यह वारंट जारी किया.
क्या है पूरा मामला?
यह केस झांसी के हंसारी प्रेम नगर इलाके के रहने वाले लक्ष्मण अहिरवार से जुड़ा है. 10 नवंबर 2010 को लक्ष्मण ने आत्महत्या कर ली थी. आरोप है कि राखी ने अपने टीवी शो ‘राखी का इंसाफ’ में लक्ष्मण के खिलाफ अपमानजनक और आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं, जिससे उन्हें अपमानित महसूस हुआ.
लक्ष्मण और उनकी पत्नी अनीता को वैवाहिक विवाद के चलते शो में बुलाया गया था. अक्टूबर 2010 में प्रसारित एपिसोड के दौरान की गई टिप्पणियों के बाद लक्ष्मण की मां सावित्री ने प्रेम नगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी. जिला सरकारी वकील (अपराध) मृदुल कांत श्रीवास्तव ने बताया कि अगली सुनवाई 1 दिसंबर को तय की गई है.
राखी सावंत हालिया चर्चा में
हाल ही में राखी गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा के मामले में अपनी टिप्पणियों के कारण चर्चा में थीं. उन्होंने गोविंदा पर पत्नी को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया और को-स्टार कोमल रानी स्वर्णकार को ‘पति चोर’ कहा था. अब 16 साल पुराने इस मामले में गैर-जमानती वारंट जारी होने से राखी सावंत एक बार फिर कानूनी उलझन में फंस गई हैं.