Mumbai richest Ganpati: मुंबई के किंग्स सर्कल स्थित GSB (गौड़ सारस्वत ब्राह्मण) सेवा मंडल के महागणपति की इस साल पहली सार्वजनिक झलक शनिवार को भक्तों को मिली. सोना, चांदी और कीमती रत्नों से सजी भव्य मूर्ति को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे.
इस साल महागणपति मूर्ति और उससे जुड़े उत्सव के लिए रिकॉर्ड 703.27 करोड़ रुपये का बीमा कवर लिया गया है. मूर्ति को 66 किलो से अधिक सोने और 335 किलो चांदी के आभूषणों के साथ कीमती रत्नों से सजाया गया है. यह देश के सबसे समृद्ध गणपति उत्सवों में से एक माना जाता है.
पिछले साल यह बीमा कवर 474 करोड़ रुपये था, जबकि 2024 में 400 करोड़ रुपये का कवर लिया गया था. मंडल के अनुसार, ये आभूषण ज्यादातर भक्तों और सेवादारों द्वारा दान किए गए हैं. GSB सेवा मंडल वैदिक परंपराओं और सेवा पर जोर देता है. उत्सव का महत्वपूर्ण हिस्सा अन्नदान है, जिसमें रोजाना हजारों भक्तों को भोजन कराया जाता है.
मंडल ने कहा है कि खाद्य सुरक्षा नियमों (FDA) का सख्ती से पालन किया जाएगा. यह मंडल का 72वां गणेशोत्सव है, जो 14 से 18 सितंबर तक पांच दिनों तक चलेगा. भव्यता के साथ-साथ भक्ति और सेवा की भावना इस उत्सव की असली पहचान है.