CJP के समर्थन में कूदे पूर्व बीजेपी नेता अन्नामलाई! दिल्ली पुलिस पर जमकर साधा निशाना, बोले- नेताओं को प्रताड़ित करना बड़ी गलती

Amanat Ansari 20 Oct 2026 04:36 PM 1 Mins
CJP के समर्थन में कूदे पूर्व बीजेपी नेता अन्नामलाई! दिल्ली पुलिस पर जमकर साधा निशाना, बोले- नेताओं को प्रताड़ित करना बड़ी गलती

नई दिल्ली: तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और ‘वी द लीडर्स’ आंदोलन के संस्थापक के. अन्नामलाई ने कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के समर्थन में खुलकर बयान दिया है. उन्होंने दिल्ली पुलिस द्वारा CJP नेताओं की गिरफ्तारी और उनके साथ हुए व्यवहार पर सवाल उठाए हैं. अन्नामलाई ने कहा कि भले ही वे CJP के विरोध प्रदर्शन के तरीकों से पूरी तरह सहमत नहीं हैं, लेकिन वे उन मुद्दों और सवालों का पूरी तरह समर्थन करते हैं, जो CJP सरकार और चुनाव आयोग के सामने उठा रही है.

उन्होंने चिंता जताते हुए कहा कि मुझे अपने देश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर थोड़ा डर और चिंता लग रही है. ऐसा महसूस हो रहा है कि दिल्ली पुलिस ने कानून को अपने हाथों में ले लिया है. उन्होंने आगे जोड़ा कि उन सवालों का जवाब देना सरकार की जिम्मेदारी है. लेकिन नियम उल्लंघन के आरोप में गिरफ्तार करना और फिर जेल में समय कैसे बिता रहे हैं, इसको लेकर खींचतान करना यह CJP के नेताओं को और ज्यादा मजबूत बनाएगा. दिल्ली पुलिस ऐसा करके देश और व्यवस्था का बहुत बड़ा नुकसान कर रही है.

परिसीमन पर भी दी सलाह

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के परिसीमन संबंधी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अन्नामलाई ने कहा कि भारत को परिसीमन की जरूरत है, लेकिन यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष होनी चाहिए. खासकर दक्षिणी राज्यों के साथ कोई अन्याय नहीं होना चाहिए, जिन्होंने आबादी को नियंत्रित किया है. उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि यह काम जल्दबाजी या गुप्त तरीके से न किया जाए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इस मामले को देखें.

RSS चीफ के विचारों का स्वागत

अन्नामलाई ने आरएसएस सरसंघचालक मोहन भागवत के विजयादशमी संबोधन का भी स्वागत किया. उन्होंने कहा कि मुझे बहुत खुशी हुई जब मोहन भागवत जी ने कहा कि भारत एक ऐसा देश है जो सभी समुदायों का है. अगर कोई हिंदू यह कहता है कि भारत में मुसलमानों या अन्य धर्मों के लिए कोई जगह नहीं है, तो वह पूरी तरह गलत है.

Recent News