पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव में अपनी ही पार्टी जेडीयू के उम्मीदवार का विरोध कर रहे बाहुबली विधायक अनंत सिंह को बड़ा झटका लगा है. जेडीयू राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गुरुवार को पटना स्नातक सीट से एमएलसी उम्मीदवार नीरज कुमार के घर पहुंचकर उन्हें जीत का आशीर्वाद दे दिया. नीतीश कुमार राजवंशी नगर स्थित नीरज कुमार के आवास पर पहुंचे.
उन्होंने नीरज का हालचाल पूछा, जल्द स्वस्थ होने की कामना की और परिवार वालों से भी मुलाकात की. नीतीश ने डॉक्टरों की सलाह मानकर चुनावी रणनीति पर काम करने का सुझाव देते हुए विजयी होने का आशीर्वाद दिया.
अनंत सिंह (मोकामा विधायक) एमएलसी चुनाव में नीरज कुमार का खुलकर विरोध कर रहे हैं. उन्होंने प्रतिद्वंद्वी अनुज सिंह का समर्थन किया है और प्रचार भी कर रहे हैं. अनंत का कहना था कि नीतीश कुमार को इस चुनाव से कोई मतलब नहीं है और वे न उनके साथ हैं, न नीरज के साथ. लेकिन नीतीश के इस कदम से अनंत और उनके समर्थकों को बड़ा झटका लगा है.
अनंत सिंह का आरोप है कि नीरज ने विधानसभा चुनाव में उनका विरोध किया था, इसलिए वे अब उनका विरोध कर रहे हैं. वे जेडीयू में रहेंगे, लेकिन नीरज को जीतने नहीं देंगे. पटना स्नातक समेत बिहार विधान परिषद की 8 सीटों पर शुक्रवार को मतदान होगा. मतगणना 27 अक्टूबर को होगी. नीतीश ने दावा किया है कि सभी 8 सीटों पर एनडीए उम्मीदवारों की जीत तय है.