नई दिल्ली/सना: लाल सागर में भारतीय नागरिकों को ले जा रही एक नाव पर सऊदी अरब की एयरस्ट्राइक का दावा सामने आया है. यमन के हूती विद्रोहियों ने गुरुवार को कहा कि जुक़र द्वीप के पास एक नाव को निशाना बनाया गया, जिस पर 14 भारतीय नागरिक सवार थे.
हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर बताया कि सऊदी अरब ने लाल सागर में जुक़र द्वीप के पास भारतीय नौका पर हमला किया. उन्होंने कहा कि उनकी टीम नाव पर सवार लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है और आगे की जानकारी बाद में दी जाएगी.
याह्या सरी ने सऊदी कार्रवाई को लापरवाही भरा कदम बताया और आरोप लगाया कि इससे लाल सागर में अंतरराष्ट्रीय जहाजों की आवाजाही को खतरा पैदा होता है. उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुदाय से सऊदी अरब को ऐसी कार्रवाई रोकने की अपील भी की.
जिस इलाके में नाव को निशाना बनाए जाने का दावा किया गया है, वह बाब अल-मंदेब जलमार्ग के नजदीक है. यह लाल सागर को अदन की खाड़ी और हिंद महासागर से जोड़ने वाला अहम समुद्री रास्ता है. फिलहाल 14 भारतीयों की स्थिति और रेस्क्यू ऑपरेशन के नतीजे को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. सऊदी अरब की ओर से इस कथित हमले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है. मामले में आगे की अपडेट का इंतजार है.