सायोनी घोष ने अमित शाह को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं, लेकिन कमेंट बंद… क्यों सता रहा है डर?

Amanat Ansari 22 Oct 2026 05:25 PM 1 Mins
सायोनी घोष ने अमित शाह को दी जन्मदिन की शुभकामनाएं, लेकिन कमेंट बंद… क्यों सता रहा है डर?

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल की पूर्व तृणमूल कांग्रेस (TMC) सांसद सायोनी घोष, जिन्होंने हाल ही में पार्टी छोड़कर नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में शामिल होने का फैसला लिया है, ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को जन्मदिन की बधाई दी है. सायोनी घोष ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ''माननीय गृह मंत्री श्री @AmitShah जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएँ. एक कुशल नेता और बेहतरीन राजनेता. ईश्वर उन्हें उत्तम स्वास्थ्य और एक शानदार जीवन प्रदान करें.''

दिलचस्प बात यह है कि सायोनी घोष ने अपने इस पोस्ट सहित अकाउंट पर कमेंट सेक्शन बंद कर रखा है. सिर्फ चुनिंदा लोग ही उनकी पोस्ट पर टिप्पणी कर सकते हैं. TMC छोड़ने और सियासी पाला बदलने के बाद से ही उन्होंने कमेंट बंद करवाए हुए हैं. सूत्रों के अनुसार, उन्हें आम लोगों की तीखी प्रतिक्रियाओं का डर सता रहा है. एक समय मुखर रही सायोनी अब जनता की राय सुनने से कतरा रही हैं.

उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बड़े नेताओं ने भी अमित शाह को जन्मदिन की बधाई दी. पीएम मोदी ने लिखा कि अमित शाह की प्रशासनिक समझ ने भारत की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाया है. उन्होंने माओवाद और नशे की समस्या से निपटने में शाह के योगदान की खास तारीफ की.

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्र के कई मंत्रियों ने भी सोशल मीडिया पर अमित शाह के कुशल नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की. 22 अक्टूबर 1964 को मुंबई में जन्मे अमित शाह आज 62 साल के हो गए हैं.

पोलिंग बूथ कार्यकर्ता से लेकर गृह मंत्री तक का उनका सफर भारतीय राजनीति का एक उल्लेखनीय अध्याय है. उनकी अगुवाई में ही भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी. सायोनी घोष की बधाई और बंद कमेंट्स का मेल एक दिलचस्प तस्वीर पेश कर रहा है, पार्टी बदलने के बाद अब वे नए खेमे में शुभकामनाएं तो दे रही हैं, लेकिन पुरानी टिप्पणियों का डर अभी भी उनके साथ है.

Recent News