चंडीगढ़: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के स्वीडन दौरे के दौरान हरियाणा को बड़ी खुशखबरी मिली है. राज्य सरकार और स्वीडिश कंपनियों के बीच कुल 4,000 करोड़ रुपये के आशय पत्र (LOI) पर हस्ताक्षर किए गए हैं. इससे प्रदेश में निवेश, व्यापार और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलने की उम्मीद जताई जा रही है.
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में गए प्रतिनिधिमंडल के दौरे के दौरान आत्मनिर्भर भारत और सशक्त भारत के विजन के अनुरूप 3,000 करोड़ रुपये के मुख्य एलओआई पर सहमति बनी. वहीं, रिटेल और वेयरहाउसिंग सेक्टर में 1,000 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर भी हस्ताक्षर हुए. इनसे आधुनिक वेयरहाउसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर, रिटेल नेटवर्क के विस्तार और लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को मजबूती मिलने की संभावना है.
इसके अलावा गुरुग्राम और स्वीडन की राजधानी स्टॉकहोम के बीच ‘सिटी-टू-सिटी कोलैबोरेशन’ समझौता भी हुआ. इसके तहत तकनीकी नवाचार, स्मार्ट सिटी सॉल्यूशंस, सतत शहरी विकास, ज्ञान आदान-प्रदान और निवेश प्रोत्साहन में सहयोग बढ़ाया जाएगा. हरियाणा और स्वीडन के बीच व्यापार एवं आर्थिक सहयोग को मजबूत करने के लिए भी समझौता किया गया.
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी इस दौरे में मुख्यमंत्री के साथ शामिल थे. स्वीडिश कंपनियों ने हरियाणा के कुशल युवाओं के लिए रोजगार और स्किल डेवलपमेंट के अवसर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है. मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि ये समझौते प्रदेश को वैश्विक निवेश हब बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं. इससे युवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के रोजगार के द्वार खुलेंगे.