RSS संस्थापक डॉ. हेडगेवार के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएगी बिहार सरकार!, CM सम्राट चौधरी ने किया महानाट्य का शुभारंभ

Amanat Ansari 25 Oct 2026 12:11 AM 1 Mins
RSS संस्थापक डॉ. हेडगेवार के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएगी बिहार सरकार!, CM सम्राट चौधरी ने किया महानाट्य का शुभारंभ

पटना: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शुक्रवार को बापू सभागार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के शताब्दी वर्ष के अवसर पर महानाट्य ‘संघ सृजन का आविष्कार: युगप्रवर्तक डॉ. हेडगेवार’ का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया. नादब्रह्म संस्था, नागपुर द्वारा निर्मित इस महानाट्य के माध्यम से बिहार सरकार डॉ. हेडगेवार के विचारों को युवाओं तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है.

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में दो करोड़ से अधिक युवा हैं. नई पीढ़ी, विशेषकर जेन-जी को डॉ. हेडगेवार के जीवन, राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण और विचारों से अवगत कराना आवश्यक है. उन्होंने बताया कि डॉ. हेडगेवार ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना कर संगठन और राष्ट्रसेवा की परंपरा विकसित की, जो देशभर में फैली. संघ की शाखाओं के माध्यम से राष्ट्रसेवा, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक परंपराओं का प्रसार हो रहा है.

सम्राट चौधरी ने घोषणा की कि यह महानाट्य केवल पटना तक सीमित नहीं रहेगा. बिहार के अन्य जिलों में भी इसका मंचन कराया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवा इससे प्रेरणा ले सकें. राज्य सरकार डॉ. हेडगेवार के जीवन और विचारों से लोगों को परिचित कराने के लिए हर संभव प्रयास करेगी.

कार्यक्रम में कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बिहार-झारखंड के क्षेत्रीय कार्यवाह डॉ. मोहन सिंह, सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव, पटना महापौर सीता साहू, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद समेत कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे. स्कूली बच्चों ने राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान की प्रस्तुति दी.

Recent News